दिल्ली MCD बना जंग का मैदान, BJP और AAP पार्षदों के बीच चले लात-घूंसे में कई पार्षद घायल

दिल्ली एमसीडी में AAP और BJP पार्षदों के बीच स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव के दौरान जमकर मारपीट हुई, मेयर शैली ओबेरॉय की ओर से एक वोट इनवैलिड घोषित करने के बाद शुरू हुआ हंगामा।

Updated: Feb 24, 2023, 04:26 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली MCD के स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी और भाजपा पार्षदों के बीच एक बार फिर मारपीट हुई है। दरअसल, काउंटिंग के दौरान मेयर ने एक वोट को इनवैलिड करार दिया था। इसके बाद मेयर ने रीकाउंटिंग का आदेश दिया। इसी आदेश के बाद बीजेपी पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पार्टियों के पार्षदों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट के दौरान दोनों पक्ष के कई पार्षदों के घायल होने की खबर है।

दरअसल, मेयर द्वारा एक वोट को अवैध घोषित करने के बाद बीजेपी पार्षदों ने मतगणना में बाधा डाली। हालांकि मेयर ने जोर देकर कहा कि परिणाम अमान्य वोट के बिना घोषित किया जाएगा। इसके बाद सदन में अराजकता फैल गई। दोनों पक्षों के पार्षदों ने चिल्लाते हुए एक दूसरे को घूंसे, लात, थप्पड़ मारे और धक्का दिया। इस दौरान कई पार्षदों के कुर्ते फटे हुए नजर आए। मारपीट के कई पार्षदों को गंभीर चोटें भी आई है।

बुधवार की रात के वक्त एमसीडी का जो नजारा दिखा था आज यानी शुक्रवार को दोनों दलों के पार्षद उससे भी एक कदम आगे बढ़ गए। बीजेपी पार्षदों ने आप पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से भी कहा जा रहा है कि उनके पार्षदों की ओर से गुंडागर्दी की जा रही है। AAP का कहना है कि मेयर पर भी हमला करने की कोशिश हुई।

AAP विधायक आतिशी ने कहा कि BJP ने अपनी गुंडागर्दी, अपनी लफंगई का नमूना पेश किया। स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव शांतिपूर्ण हुआ लेकिन जैसे ही BJP को लगा वो हार रहे हैं तो उन्होंने हमारी मेयर शैली ओबेरॉय पर स्टेज पर चढ़कर हमला किया। उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। बाहर BJP के पुरुष पार्षदों ने मेयर पर शारीरिक रूप से हमला किया। ये भाजपा की क्या गुंडागर्दी है।

यह भी पढ़ें: CWC चुनाव के पक्ष में थे दिग्विजय, सिंघवी और माकन, अंतरिक लोकतंत्र का दिया हवाला

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा- AAP बेईमानी करना चाहती है। जबरन वोट को अमान्य घोषित किया गया। चुनाव परिणामों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। भाजपा बेईमानी नहीं होने देगी। आम आदमी पार्टी का यह व्यवहार दिल्ली की जनता के लिए चिंता का विषय है। हमारे कई पार्षद घायल हो गए। जिस तरह से पार्षदों को पीटा गया है, AAP ने दिखा दिया है कि वे गुंडों की पार्टी हैं। अदालत को मामले का संज्ञान लेना चाहिए।

बहरहाल, इस पूरे हंगामे के बाद स्थायी समिति का शुक्रवार हुआ चुनाव मेयर ने रद्द घोषित कर दिया है। 27 फरवरी की सुबह 10 बजे फिर से सदन की बैठक बुलाई गई है उसमें नए सिरे से चुनाव होगा।