अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के बाहर सुखबीर बादल पर फायरिंग, बाल-बाल बचे पूर्व डिप्टी सीएम
सुखबीर बादल सुबह अकाल तख्त की सजा भुगतने के लिए पहुंचे थे। वे बरछा पकड़कर घंटाघर के बाहर बैठे हुए थे। तभी उन पर हमला किया गया।
अमृतसर। अकाली दल के दिग्गज नेता व पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर बुधवार को गोल्डन टेंपल के बाहर फायरिंग की गई। बादल को बुधवार की सुबह-सुबह गोली मारने की कोशिश की गई। फायरिंग की घटना से गोल्डन टेंपल (स्वर्ण मंदिर) परिसर में हड़कंप मच गया।
सुखबीर सिंह बादल पर यह जानलेवा हमला तब हुआ, जब वह स्वर्ण मंदिर के बाहर दरबान बनकर सजा के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह दरबार साहिब के गेट पर दरबान के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे तभी एक हमलावर सामने से आता है और उन पर फायरिंग करता है। हालांकि, सुखबीर सिंह बादल के बगल में खड़े सेवादार हमलावर को रोक लेता है तबतक गोली चल जाती है। हालांकि, यह गोली किसी को नहीं लगती है।
फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान गुरादसपुर के डेराबाबा नानक के रहने वाले नारायण सिंह चौड़ा के रूप में हुई है। वह दल खालसा का सदस्य है।सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से पिस्टल भी बरामद हुई है। सुरक्षाकर्मियों ने सुखबीर बादल को घेरा हुआ है।
बता दें कि 2 दिसंबर को श्री अकाल तख्त साहिब पर राम रहीम मामले में 5 सिंह साहिबानों की बैठक हुई, जिसमें उन्हें और शिरोमणि अकाली दल सरकार के दौरान अन्य कैबिनेट सदस्यों को धार्मिक दुराचार के आरोपों के लिए सजा सुनाई गई थी। बादल सुबह अकाल तख्त की सजा भुगतने के लिए पहुंचे थे। वे बरछा पकड़कर घंटाघर के बाहर बैठे हुए थे। तभी उन पर हमला किया गया।