किसानों को शराबखोर बताने वाले बीजेपी सांसद को दिखाए गए काले झंडे, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पुलिस के लाठीचार्ज में एक किसान बुरी तरह से घायल हो गया है, किसान को हिसार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं कुछ किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ किसानों ने चक्काजाम करने की धमकी दी है

Publish: Nov 05, 2021, 12:05 PM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

चंडीगढ़। बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को किसानों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कड़ा विरोध झेलना पड़ गया। शुक्रवार को हिसार में किसानों ने बीजेपी नेता को काले झंडे दिखाने के साथ साथ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और किसानों में झड़प भी हो गई। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कुलदीप राणा नामक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बीजेपी सांसद रामचंद्र जांगड़ा शुक्रवार को हिसार के नारनौंद में धर्मशाला का उद्घाटन करने पहुंचे थे। हाल ही में उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को शराबखोर और बेरोजगार करार दिया था। जैसे ही बीजेपी सांसद के आने की खबर किसानों को लगी, किसानों का एक जत्था मौके पर पहुंच गया। बीजेपी नेता द्वारा की गई विवादित टिप्पणी से आक्रोशित किसानों ने काफिले को काले झंडे दिखाने शुरू कर दिए। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों ने जमकर नारेबाजी भी की। 

किसानों के बढ़ते आक्रोश को देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने धक्का मुक्की करना शुरू कर दिया। पुलिस ने किसानों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज में कुलदीप राणा नामक किसान बुरी तरह से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 

दूसरी तरफ पुलिस ने दो किसानों सुधीर सिंघवा और कैलाश उमरा को अपनी हिरासत में ले लिया है। किसानों को हिरासत में लिए जाने के बाद साथी प्रदर्शनकारी किसानों ने नारनौंद पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही दोनों को पुलिस ने नहीं छोड़ा तो वे चक्काजाम कर देंगे।