40 फीसदी कमीशन के लिए जानी जाएगी कर्नाटक की BJP सरकार, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बोलीं प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि कर्नाटक में चोरी से बनी बीजेपी सरकार को 40% कमीशन' वाली सरकार के नाम से जाना जाता है। बीजेपी ने हर स्तर पर लोगों को लूटा है... चाहे वो किसान हो, युवा हो या ठेकेदार।

Updated: May 08, 2023, 07:04 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाले हैं। चुनाव का प्रचार प्रसार सोमवार शाम से थम गया है। आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी पार्टियों ने अपनी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस महासचिव बेंगलुरु के विजयनगर में रोड शो किया। रोड शो में जनसैलाब उमड़ा। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। रोड शो के बाद प्रियंका ने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की। 

प्रियंका गांधी विजयनगर में जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, 'कोई भी सरकार आती है तो लोग उसके अच्छे काम को याद करते हैं। उस सरकार की पहचान उसका अच्छा काम ही होता है। लेकिन कर्नाटक की बीजेपी सरकार की पहचान भ्रष्टाचार है। कर्नाटक में चोरी से बनी बीजेपी सरकार को '40% कमीशन' वाली सरकार के नाम से जाना जाता है। 40 फीसदी कमीशन के लिए यह सरकार भविष्य में जानी जाएगी। यहां बीजेपी ने हर स्तर पर लोगों को लूटा है... चाहे वो किसान हो, युवा हो या कांट्रैक्टर्स।'

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि, 'आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। महंगाई बढ़ रही है तो सरकार का कर्तव्य है कि जहां-जहां सबसे ज्यादा मुश्किल हो रही है, जो महंगाई का ज्यादा बोझ उठा रहा है उसके लिए कुछ राहत दे। लेकिन यहां की सरकार का सारा ध्यान सिर्फ लूट में लगी रही। प्रियंका गांधी ने कहा कि, "हमने बार-बार पीएम, गृह मंत्री, दूसरे राज्यों के सीएम और अन्य बीजेपी नेताओं से कहा- मुद्दे पर आओ, लेकिन एक भी बार वे मुद्दे पर नहीं आए। किसी भी बीजेपी नेता ने नहीं बताया कि साढ़े 3 सालों में उन्होंने कर्नाटक के लिए क्या किया, कितने रोजगार दिए, कितना विकास किया?'

उधर राहुल गांधी भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार में लगे हैं। राहुल गांधी ने सोमवार को वर्किंग महिलाओं के साथ बस में सवारी की और बस स्टॉप पर कॉलेज स्टूडेंट के साथ बातचीत की और सेल्फी खिंचवाई। इसके अलावा वे मोटरसाइकिल की सवारी करते भी नजर आए। बता दें कि कर्नाटक में 10 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए जोरशोर से जारी प्रचार अभियान आज शाम को समाप्त हो गया।