Priyanka Gandhi: किसानों का हक छीनने के लिए नाकाबंदी, भाजपा और सूटबूट वालों की जुगलबंदी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, भाजपा अपने अरबपति मित्रों के लिए लाल कालीन बिछाकर देश का सारा धन उनके हवाले कर रही है

Updated: Jan 24, 2021, 01:38 PM IST

Photo Courtesy : Business Standard
Photo Courtesy : Business Standard

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को होने वाली किसानों की ट्रैक्टर परेड में शामिल होने से उत्तर प्रदेश के किसानों को रोकने की कोशिशों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने करारा हमला किया है। प्रियंका गांधी ने इस तरह की कोशिशों को बीजेपी और सूटबूट वालों की जुगलबंदी बताया है। उन्होंने बीजेपी पर देश का सारा धन अपने अरबपति मित्रों के हवाले करने का आरोप भी लगाया।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'भाजपा अपने अरबपति मित्रों के लिए लाल कालीन बिछाकर देश का सारा धन उनके हवाले कर रही है लेकिन किसान अपना हक मांगने दिल्ली आना चाहते हैं तो नाकाबंदी की जा रही है। भाजपा और सूटबूट वालों की जुगलबंदी है, किसान का हक छीनने को ये नाकाबंदी है।' 

 

यह भी पढ़ें: यूपी में किसानों के ट्रैक्टरों में डीज़ल नहीं भरे जाने का आरोप, ट्रैक्टर परेड में अड़चन डालने की कोशिश

दरअसल, किसान संगठनों ने राजधानी दिल्ली के अंदर गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड का ऐलान किया है। इस परेड में देशभर के किसान कृषि कानूनों के खिलाफ मार्च करेंगे। अब से थोड़ी देर पहले योगेंद्र यादव ने बताया कि किसानों  शांतिपूर्ण परेड करने की औपचारिक अनुमति मिल गई है। दिल्ली पुलिस ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। किसानों को दिल्ली में तीन जगहों से ट्रैक्टर परेड निकालने की इजाजत दी गई है।

यह भी पढ़ें: किसान को ज़िंदा जलाए जाने पर बरसी कांग्रेस, कहा यूपी की क़ानून व्यवस्था ICU में, नड्डा कर रहे झूठी तारीफ़

लेकिन उत्तर प्रदेश में इस ट्रैक्टर मार्च को विफल करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाने के आरोप लग रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य के किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए योगी सरकार ने 26 जनवरी तक यमुना एक्सप्रेस पर नाकाबंदी करवा दी है। साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे एक्सप्रेसवे पर एक भी ट्रैक्टर और किसान को चढ़ने की अनुमति न दी जाए। 

यह भी पढ़ें: कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की रैली, किसानों के समर्थन में 3 हज़ार ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन

इतना ही नहीं आरोप यह भी लग रहे हैं कि प्रदेश में पुलिस की तरफ से 22 जनवरी से ही राज्य के पेट्रोल पंप्स को हिदायत दी गई है कि वे किसी भी ट्रैक्टर को तेल न दें। साथ ही उन्हें ड्रम या कैन में तेल से भी मना किया गया है। प्रशासन इन आरोपों को खारिज कर रहा है, लेकिन कई पेट्रोल पंप्स में इस तरह के नोटिस चिपकाए जाने की खबरें भी आ रही हैं। प्रियंका गांधी ने भी अपने ट्वीट के साथ ऐसी खबरों को शेयर किया है।