पंजाब में 21 दिनों में हुई 19 हत्याएं, राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ने पर सिद्धू ने साधा सीएम पर निशाना

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि एक तरफ राज्य की जनता दहशत के माहौल में जीने पर मजबूर है, तो वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल की ठंडी हवाओं में वोट मांगने में व्यस्त हैं

Publish: Apr 08, 2022, 04:34 AM IST

नई दिल्ली। पंजाब में आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ही अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। राज्य में जगह जगह हत्या के मामले में सामने आ रहे हैं। पिछले 21 दिनों में राज्य में हत्या की 19 घटनाएं सामने आई हैं।

आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से राज्य की चरमराई कानून व्यवस्था को लेकर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है। सिद्धू ने भगवंत मान के हिमाचल की सैर पर सवाल खड़े किए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि राज्य की जनता को दहशत के माहौल में अकेला छोड़कर खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल की ठंडी हवाओं में वोट मांगने में व्यस्त हैं। 

राज्य में बढ़ते अपराधियों के हौसले और इसको लेकर सीएम भगवंत मान के उदासीन रवैए की आलोचना करते हुए सिद्धू ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के गठन के बाद पंजाबियों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। भगवंत मान को दुष्प्रचार में व्यस्त रहने के बनिस्बत सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। सिद्धू ने आगे कहा कि आप के दोनों मुख्यमंत्रियों के झूठ का पर्दाफाश हो गया है। एक तरफ राज्य की जनता दहशत के माहौल में जीने पर मजबूर है, तो वहीं सीएम भगवंत मान हिमचल की ठंडी हवाओं में वोट मांगने में व्यस्त हैं। 

यह भी पढ़ें : भारत में मुस्लिम होना बन गया है अपराध, अमेरिकी सांसद ने मोदी सरकार पर लगाया अल्पसंख्यक विरोधी होने का आरोप

दरअसल पंजाब की सत्ता में आने के बाद से ही आम आदमी पार्टी अपने सियासी विस्तार की योजना बना रही है। पंजाब के सीएम भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात और हिमाचल प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। इन दोनों राज्यों में इस वर्ष के अंत में चुनाव होने हैं। 

लेकिन दूसरी तरफ पंजाब में नई सरकार आने के बाद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद पंजाब में खालिस्तानी समर्थकों का गिरोह सक्रिय हुआ है। पंजाब में चुनाव के वक्त भी आम आदमी पार्टी और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तानी समर्थक होने का आरोप लगा था। 

यह भी पढ़ें : खालिस्तानियों के समर्थन से आप ने जीता पंजाब में चुनाव, प्रतिबंधित संगठन SFJ ने लिखी भगवंत मान को चिट्ठी

अरविंद केजरीवाल के कभी सहयोगी रहे कुमार विश्वास ने खुलासा करते हुए बताया था कि अरविंद केजरीवाल स्वतंत्र पंजाब के प्रधानमंत्री बनना चाहते थे। भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने का एलान होने के बाद खालिसगानी गतिविधियों में शामिल रहने वाले प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस द्वारा सीएम भगवंत मान को लिखी हुई एक कथित चिट्ठी भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। 

इस चिट्ठी में एसएफजे ने कथित तौर पर यह दावा किया था कि राघव चड्ढा ने सिख फॉर जस्टिस से चुनाव में आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील की थी। इसके एवज में राघव चड्ढा ने कथित तौर पर एसएफजे के खालिस्तान की परिकल्पना को साकार करने में हर संभव मदद करने और वित्तीय सहायता प्रधान करने का आश्वासन भी दिया था।