MP के खरगोन में भीषण हादसा, 50 फीट ऊंचे पुल से नदी में गिरी बस, 22 लोगों की मौत और 25 घायल

खरगोन में एक बस के पुल से गिर जाने से 22 लोगों की मृत्यु हो गई और 20 लोग घायल हुए हैं।

Updated: May 09, 2023, 02:00 PM IST

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर 50 फीट ऊंचे पुल से सीधे नदी में जा गिरी। इस हादसे में कम से कम 22 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक ये बस खरगोन जिले के बेजापुर से इंदौर को जा रही थी। हादसे के वक्त बस में लगभग 40 लोग सवार थे। हादसा मंगलवार की सुबह करीब 8.40 बजे ग्राम दसंगा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस डोंगरगांव और दसंगा के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। नदी सूखी हुई थी।

यह भी पढ़ें: मुरैना शूटआउट के आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर, मुख्य आरोपी अजीत के पैर में लगी गोली

आईजी राकेश गुप्ता ने बताया कि तेज रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी। नदी सूखी होने के कारण यात्रियों को काफी चोट लगी है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान भी किया है। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपए देने को कहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इस घटना को लेकर दुख जताया है। पीसीसी चीफ ने ट्वीट किया, 'खरगोन जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 15 लोगों की मृत्यु और बहुत से लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले ऐसी प्रार्थना है।'

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कांग्रेस विधायक रवि जोशी भी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। रवि जोशी से बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि इस रूट पर रोजाना बसें ओवरलोड होकर तेज रफ्तार से चलती हैं। बस वालों को जब इस बाबत टोका जाता है तो वे दादागिरी करने लगते हैं। स्थानीय लोगों ने आरटीओ पर भी सुस्‍त रवैया अपनाने का आरोप लगाया।