जोधपुर में तेज रफ्तार ऑडी का कहर, झोपड़ियों को रौंद डाला, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
जोधपुर में तेज रफ्तार कार का वीडियो वायरल, अनियंत्रित कार ने 11 लोगों को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत आठ अन्य घायल

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में एक तेज रफ्तार ऑडी कार दनदनाती हुई झुग्गी झोपड़ियों में जा घुसी। अनियंत्रित कार ने कुल 11 लोगों को रौंद डाला, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। इस घटना का रोंगटे खड़ा करने वाला वीडियो सामने आया है। हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम अशोक गहलोत तत्काल घायलों से मिलने ऐम्स पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
मामला जोधपुर के ऐम्स रोड़ का है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के नंदनवन ग्रीन निवासी 50 वर्षीय अमित नागर मंगलवार सुबह अपनी ऑडी कार से जा रहे थे। पाल रोड से एम्स की तरफ जाते समय पेट्रोल पंप से ठीक पहले भीड़ के बीच कार अचानक बेकाबू हो गई और झोपड़ियों में घुस गई। पुलिस के मुताबिक नागर का पैर गाड़ी ड्राइव करते समय ब्रेक और रेस में फंस गया था। इस हादसे का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
#Rajasthan : shocking cctv footage of deadly accident when a speedy audi killed 3 in #Jodhpur #RoadSafety pic.twitter.com/tTCXp0axMh
— Ravish Pal Singh (@ReporterRavish) November 9, 2021
वीडियो में देखा जा सकता है कि कार ने सबसे पहले एक स्कूटी सवार को टक्कर मारी जिससे वह हवा में उछल गया, तभी कार की रफ्तार और तेज हुई, इसके बाद एक-एक कर लोगों को हवा में उड़ाते हुए कार ने कई झोपड़ीयों को रौंद डाला। झोपड़ीयों को चपेट में लेने के बाद कार अपने आप रुक गई। कार के रुकते ही ड्राइवर अमित वहां से निकलकर सीधे बासनी पुलिस थाने पहुंच गया।
जोधपुर के चोपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एम्स रोड पर आज एक्सीडेंट में घायल हुए लोगों के परिजनों से एवं एम्स पहुंचकर अस्पताल में एडमिट मरीजों एवं उनके परिजनों से मिले तथा कुशलक्षेम जानी। pic.twitter.com/XVS9t77R0y
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 9, 2021
इस घटना में कुल 11 लोगों को गंभीर चोटें आई जिनमें 3 को बचाया नहीं जा सका। बाकी 8 घायलों का ऐम्स में इलाज जारी है। मृतकों में एक महिला, एक बच्चा और एक 16 वर्ष का किशोर शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ऐम्स अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों का हाल जानने के बाद डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिया। सीएम गहलोत ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए सीएम सहायता कोष से तत्काल देने का निर्देश भी दिया है।