Sikkim Assembly Election Result 2024: सिक्किम में SKM का एकछत्र राज, भाजपा-कांग्रेस का नहीं खुला खाता
सिक्किम में एक बार फिर सत्ता में लौटी SKM, पूर्व मुख्यमंत्री और SDF चीफ पवन कुमार चामलिंग भी हारे चुनाव
नई दिल्ली। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के लिए आज यानी 2 जून को काउंटिंग हो रही है। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा जीत की ओर अग्रसर हैे। वहीं, सिक्किम में एक बार फिर से SKM क्लीनस्वीप करते हुए सत्ता में लौटी है।
सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। राज्य की 32 सीटों में से 22 के नतीजे घोषित किये जा चुके हैं। इनमें 21 पर एसकेएम को जीत मिली है जबकि एक एसडीएफ के खाते में एकमात्र श्यारी सीट गई है। अन्य 10 सीटों पर एसकेएम आगे चल रहा है।
वहीं, बीजेपी, कांग्रेस और सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी-एस) अपना खाता तक भी नहीं खोल पाए हैं। सिक्किम विधानसभा में कुल 32 सीटे हैं और बहुमत के लिए 18 सीटें जरूरी हैं। यहां पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री और SDF चीफ पवन कुमार चामलिंग भी अपनी पोकलोक विधानसभा सीट पर SKM उम्मीदवार भोजराज राय से 3,063 मत से चुनाव हार गए हैं।
SKM सुप्रीमो पी एस तमांग ने रहेनोक विधानसभा सीट से एसडीएफ उम्मीदवार सोमनाथ पौडयाल को 7, 044 मत से हरा दिया है। बता दें कि 2019 के आम चुनावों के बाद SKM का भाजपा के साथ गठबंधन हुआ था, लेकिन इस बार चुनावों से पहले भाजपा ने सिक्किम में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान करके गठबंधन तोड़ दिया था। इसका खामियाजा भी भाजपा को भुगतना पड़ा है।