उन्नाव कांड की गुत्थी सुलझाने का पुलिस का दावा, गाँव के युवक ने पिलाया था ज़हरीला पानी

पुलिस ने आरोपी विनोद उर्फ लंबू और उसके नाबालिग दोस्त को गिरफ्तार किया, विनोद को घटना वाले दिन उसी खेत के पास से भागते हुए देखा गया था जहां तीनों लड़कियाँ बेहोश मिली थीं

Updated: Feb 20, 2021, 06:35 AM IST

Photo Courtesy; India Today
Photo Courtesy; India Today

उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्नाव में दो नाबालिग लड़कियों की मौत के मामले को सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में तीन लड़कियां अपने घर से कुछ दूरी पर एक खेत में बेसुध पड़ी मिली थीं, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि तीसरी लड़की कानपुर के अस्पताल में मौत से जूझ रही है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक विनोद नाम के इस शख्स ने ही तीनों लड़कियों को पानी में मिलाकर ज़हर दिया था।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए शख्स विनोद उर्फ लंबू ने लड़कियों को ज़हर देने की बात कबूली है। पुलिस के मुताबिक विनोद ने कहा है कि वो पानी में कीटनाशक मिलाकर लाया था। उसका इरादा सिर्फ उसी लड़की को ज़हर देने का था, जो अभी अस्पताल में भर्ती है। लेकिन उसके साथ खेत में आई बाकी दोनों लड़कियों ने भी जहर मिला पानी पी लिया, जिससे उनकी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक उसके एक मुखबिर ने विनोद को अपने नाबालिग दोस्त के साथ खेत के पास से भागते हुए देखा था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। विनोद के नाबालिग दोस्त को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी विनोद ने दावा किया कि वो अस्पताल में भर्ती लड़की से प्रेम करता था, लेकिन जब लड़की ने उसे ठुकरा दिया तो उसने हत्या करने का मन बना लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि खेत में पहुंची तीनों लड़कियों ने पहले चिप्स खाया, जिसके बाद विनोद ने पीने के लिए ज़हर मिला पानी दे दिया। तीनों लड़कियों को ज़हरीला पानी पिलाने के बाद विनोद और उसका एक साथी वहां से भाग खड़े हुए। 

उन्नाव के इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को लड़कियों के चिप्स खाने की बात पहले भी पता चली थी। जिसके बाद पुलिस ने चिप्स बेचने वाले दुकानदार से पूछताछ की थी और उसकी दुकान पर रखे चिप्स को ज़ब्त भी किया था। लेकिन अब विनोद की गिरफ्तारी के बाद एक नई कहानी सामने आई है। मृत लड़कियों के परिवार के लोग आरोपी को फांसी की सज़ा देने की मांग कर रहे हैं।