पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में लिया गया फैसला
देहरादून में बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए पुष्कर सिंह धामी, संघ के करीबी माने जाते हैं धामी, उत्तराखंड को चार महीने में मिल रहा तीसरा मुख्यमंत्री

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद से तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद अब पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की कमान मिलने जा रही है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुन लिया गया है। इस विधायक दल की बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम भी मौजूद थे। विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी के नाम पर सहमती बनी है।
पुष्कर सिंह धामी कुमाऊं के खटीमा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए हैं। उन्हें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। वे संघ के भी करीबी हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी के ओएसडी भी रह चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पुष्कर सिंह धामी के नाम का ऐलान किया है।
16 सितंबर, 1975 को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की तहसील डीडीहाट के टुण्डी गांव में पुष्कर सिंह धामी का जन्म हुआ था। उनके पिता सेना में थे। वे तीन बहनों के भाई हैं। पुष्कर सिंह की आरंभिक शिक्षा दीक्षा गांव के सरकारी स्कूल में हुई है। वे लखनऊ यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। इनकी छवि एक निर्विवाद जनप्रतिनिधि की है।
और पढें: उत्तराखंड में सियासी संकट, सीएम ने देर रात राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा,
साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले 46 वर्षीय पुष्कर सिंह 1990 से 1999 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न पदों पर रहे हैं। उन्होंने जिले से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक विद्यार्थी परिषद में कार्य किया। वे दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।
उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार के पांच साल के कार्यकाल में ये तीसरे मुख्यमंत्री होंगे। इनसे पहले दो मुख्यमंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। 2017 में चुनाव के बाद बीजेपी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को उत्तराखंड की कमान सौंपी थी। उन्होंने करीब 4 साल तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर कार्य किया। उनके बाद तीरथ सिंह रावत 4 महीने तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे, इनके इस्तीफे के बाद अब पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की कमान मिलने जा रही है।उत्तराखंड में विधानसभा की 70 सीटें हैं जिनमें से 57 पर बीजेपी का कब्जा है। आगामी 2022 का चुनाव उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा।