झा ने नाथ को बताया चीनी एजेंट कांग्रेस ने कहा गिरेबान में झांकें

पीसीसी अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने प्रभात झा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ट्विटर हैंडल खंगालने के लिए कहा है

Publish: Jun 27, 2020, 05:33 AM IST

Photo courtesy : tv9 bharat
Photo courtesy : tv9 bharat

बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर निशाना साधते हुए उन्हें चीनी एजेंट बताया है। प्रभात झा ने कहा कि कमल नाथ ने केंद्र में वाणिज्य मंत्री रहते हुए चीनी उत्पादों पर आयात शुल्क कम कर, राजीव गांधी फाउंडेशन में मोटी रकम जमा करवाई। इस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए प्रभात झा और बीजेपी को अपने गिरेबान में झांकने के लिए कहा है।

एक तरफ सरहद पर भारत और चीन में तनाव जारी है। तो वहीं दूसरी तरफ देश की राजनीति में तनातनी चल रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही एक दूसरे पर चीनी एजेंट होने का आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। ताज़ा आरोप बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने लगाया है। भाजपा नेता कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि ऐसे समय में जब सरहद पर भारत और चीन के बीच तनातनी चल रही है तो कांग्रेस के लोग अनर्गल बयानबाज़ी कर रहे हैं।

प्रभात झा ने जब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर चीनी एजेंट होने का आरोप लगाया तो कांग्रेस ने प्रभात झा पर पलटवार किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष के मीडिया समन्‍वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि कोई भी आरोप लगाने से पहले प्रभात झा को उनके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री मोदी की चीनी यात्राओं के बारे में जानकारी इकट्ठा कर लेनी चाहिए। सलूजा ने प्रभात झा को शिवराज सिंह चौहान के 2011 की चीनी यात्रा और 2016 में पांच दिवसीय चीनी दौरे की याद दिलाई। इसके साथ ही सलूजा ने भाजपा नेता प्रभात झा से खुद प्रधानमंत्री मोदी के चीनी दौरों और चीनी राष्ट्रपति के साथ झूला झूलने की याद दिलाई। सलूजा ने प्रभात झा और बीजेपी को कांग्रेस और कमल नाथ पर कोई भी आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकने की सलाह दी।

शिवराज ने निवेश और योजनाओं को लेकर चीन से गुहार लगाई

कांग्रेस ने भाजपा नेता प्रभात झा को अतीत के पन्ने ठीक से पलटने की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने कहा है कि प्रभात झा को पहले यह देख लेना चाहिए कि प्रदेश में निवेश और योजनाओं को लेकर शिवराज ने किस तरह से चीन से गुहार लगाई थी। पीसीसी अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने प्रभात झा को खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ट्विटर हैंडल खंगालने के लिए कहा है। सलूजा ने भाजपा नेता को शिवराज सिंह चौहान का 26 जून 2016 का ट्वीट देखने के लिए कहा है। दरअसल शिवराज का यह ट्वीट लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उस ट्वीट में शिवराज सिंह चौहान ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की तारीफों में पुल बांधते हुए बीजेपी और कम्युनिस्ट पार्टी के बीच काफी समानता होने की बात कही है।