Rajnath Singh : भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता, कोई नहीं कर सकता अलग

BJP virtual rally : राजनाथ सिंह ने कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच कोई गलतफहमी है तो हम उसे बातचीत के जरिए सुलझाएंगे।

Publish: Jun 16, 2020, 05:41 AM IST

नेपाल के साथ भारत के नक्शा विवाद के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत और नेपाल में रोटी-बेटी का रिश्ता है। इस मैत्रीपूर्ण संबंध को दुनिया की कोई भी ताकत नहीं तोड़ सकती है।

सोमवार को उत्तराखंड में वर्चुअल रैली के माध्यम से बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर दोनों देशों के बीच कोई गलतफहमी है तो हम उसे बातचीत के जरिए सुलझाएंगे। हमारे बीच केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध नहीं है बल्कि आध्यात्मिक संबंध भी है और भारत इसे कभी नहीं भूल सकता। हमारे बीच रोटी-बेटी का संबंध है और दुनिया की कोई ताकत इसे नहीं तोड़ सकती।

गौरतलब है कि नेपाल की संसद ने शनिवार को देश के नए राजनीतिक नक्शे को अपडेट करने के लिए संविधान में संशोधन के लिए सर्वसम्मति से मतदान किया था। इसके बाद रविवार को नेपाली संसद के उच्च सदन ने देश के नए राजनीतिक नक्शे को अद्यतन करने के संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा को अनुमोदित कर दिया है। नेपाल द्वारा जारी नए नक्शे में भारत के उत्तराखंड में स्थित लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा को नेपाल का हिस्सा बताया है। भारत ने पड़ोसी मुल्क के इस कदम का सख्त विरोध किया है और कहा है कि यह स्वीकार्य करने योग्य नहीं है।