Congress : PM Modi ने चीनी राष्‍ट्रपति को मंदिर में परोसा नॉनवेज

कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने महाबलीपुरम में चीनी राष्ट्रपति शि जिनपिंग को मंदिर के भीतर नॉनवेज भोजन परोस कर सनातन संस्कृति का अपमान किया

Publish: Jun 27, 2020, 09:20 PM IST

Photo courtesy : india today
Photo courtesy : india today

भारत चीन सीमा विवाद से अलग बीजेपी ने चीन के साथ रिश्‍तों को लेकर कांग्रेस पर हमले शुरू किए तो कांग्रेस ने भी पलटवार में बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन के साथ मीठे संबंधों की परतें खोलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को बीजेपी के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष प्रभात झा ने प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कमलनाथ पर चीनी एजेंट होने के आरोप लगाया था। जवाब में युवा कांग्रेस प्रवक्ता विक्की खोंगल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भारतीय सभ्यता के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु के महाबलीपुरम में अक्‍टूबर 2019 को चीनी राष्ट्रपति शि जिनपिंग को खुश करने के लिए मंदिर के भीतर नॉनवेज भोजन परोसा। यह भारत की सनातन संस्कृति का अपमान है।

युवा प्रवक्ता विक्की खोंगल ने बीजेपी नेता प्रभात झा के नाम एक बयान जारी कर कहा कि कमलनाथ के बारे में ऐसी बातें कर उन्होंने प्रदेश का अपमान किया है, साथ ही उनकी भावनाओं को भी आहत किया है। खोंगल ने अपने बयान में कहा कि प्रभात झा जी उम्र और तजुर्बे में आप हमसे बहुत बड़े हैं परंतु आज आपने कमलनाथ जी पर टिप्पणी करके इस प्रदेश का अपमान भी किया है और हमारी भावनाओं को आहत भी किया है। एक सवाल मैं आपसे पूछना चाहता हूं 11 अक्टूबर 2019 को चेन्नई के महाबलीपुरम जहां पर भगवान श्री हरि विष्णु और भगवान शिव जी की प्रतिमाएं विराजमान है वहां प्रधानमंत्री के भोज में चीनी राष्ट्रपति शि जिनपिंग जी के लिए केकड़ा बकरा और मुर्गा परोसा गया था, क्या यह सनातनी संस्कृति के विपरीत नहीं? ऐसा कृत्य तो शायद कोई चीनी एजेंट ही कर सकता है।"

दरअसल 2019 में जब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आए थे तब प्रधान मंत्री ने रात्रि भोज का आयोजन महाबलीपुरम के शोर मंदिर में किया था। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार वहां शाकाहार और मांसाहार दोनों तरह के भोजन का इंतजाम था। चीनी मेहमानों के लिए मोदी ने मंदिर परिसर में ही झींगा मछली, चिकन से बने कोरी केंपु, मटन, भेड़ व इन्हीं से बने दर्जन भर पकवानों की थाल सजाई थी।

 

युवा नेता खोंगल ने कहा कि जहां ईश्वर का निवास होता है उसी परिसर में केवल चीनी महमानों को खुश करने के लिए मोदी ने तामसिक भोजन बनवाया और खिलाया।

Click  झा ने नाथ को बताया चीनी एजेंट कांग्रेस ने कहा गिरेबान में झांकें

गौरतलब है कि, शुक्रवार को बीजेपी उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा था कि कमल नाथ ने केंद्र में वाणिज्य मंत्री रहते हुए चीनी उत्पादों पर आयात शुल्क कम कर राजीव गांधी फाउंडेशन में मोटी रकम जमा करवाई थी। इसके बाद ही कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष के मीडिया समन्‍वयक नरेंद्र सलूजा ने झा को अपने गिरेबान में झांकने कहा था। सलूजा ने कहा था कि कांग्रेस पर किसी भी प्रकार का आरोप लगाने से पहले उन्हें मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया और चीनी यात्राओं के बारे में जानकारी इकट्ठी कर लेनी चाहिए। सलूजा ने प्रभात झा को शिवराज सिंह चौहान के 2011 की चीनी यात्रा और 2016 में पांच दिवसीय चीनी दौरे की याद दिलाई थी।