शहीद की पत्नी बनेंगी आर्मी ऑफिसर , गलवान घाटी में शहीद दीपक की पत्नी रेखा ने क्लियर किया SSB इंटरव्यू

रेखा देवी लेंगी दुश्मनों से लोहा, चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में 9 महीने की कड़ी ट्रेनिंग के बाद मिलेगा सेना में कमीशन, पति को मरणोपरांत दिया गया था वीर चक्र

Updated: Feb 05, 2022, 02:24 PM IST

Photo Courtesy: navbharat times
Photo Courtesy: navbharat times

शहीद दीपक सिंह की पत्नी जल्द ही भारतीय सेना में शामिल होने वाली हैं। रेखा देवी ने सेना में भर्ती के लिए होने वाले SSB इंटरव्यू में सफलता हासिल कर ली है। उन्हें ट्रेनिंग के लिए चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी भेजा जाएगा। जहां 9 महीने की कड़ी ट्रेनिंग के बाद उन्हें सेना में अफसर के तौर पर काम करने का मौका मिलेगा। रेखा के पति दीपक सिंह पिछले साल गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए थे। जिसके बाद 23 वर्ष की रेखा देवी ने भी सेना में शामिल होने का प्रण लिया। अब वे सेना की अफसर बन देश के दुश्मनों को सबक सिखाएंगी। वे पति का सपना पूरा करना चाहती हैं।

इलाहाबाद में 5 दिवसीय सेवा चयन बोर्ड (SSB) इंटरव्‍यू में रेखा ने भाग लिया था। हाल ही में इसका रिजल्ट आया है, जिसमें रेखा देवी ने इंटरव्‍यू क्‍लीयर कर लिया है। UPSC द्वारा चुने गए उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट जारी की गई है। अब एक मेडिकल परीक्षा से होने के बाद उन्हें मई में ट्रेनिंग के लिए चेन्नई  भेजा जाएगा। आर्मी ने लेफ्टिनेंट के तौर पर कमीशन पाने के लिए सभी कैडेट्स को अकादमी में 9 महीने की ट्रेनिंग करनी होती है।

15 जून 2020 में गलवान घाटी  में चीन के सैनिकों के साथ भारतीय जवानों की झड़प हुई थी। जिसमें भारत के 20 बहादुर जवान शहीद हुए थे। इन्ही वीरों में से दीपक की पत्नी सेना में करियर बनाने आगे आई हैं। रेखा ने चेन्‍नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में जगह पाने के लिए पर्सनालिटी और इंटेलिजेंस एक्जाम पास कर लिया है। दीपक को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

शहीद दीपक सिंह मध्यप्रदेश के रीवा जिले के फरंदा गांव के रहने वाले थे। शहादत से 15 दिन पहले उन्होंने पत्नी से वादा किया था कि जब वे घर लौटेंगे तो रेखा के लिए कश्मीरी शॉल लेकर आएंगे। रेखा और दीपक की शादी को महज 8 महीने ही हुए थे कि वे शहीद हो गए। शादी के बाद पत्नी से दीपक की मुलाकात केवल एक बार हुई थी। अपनी आखिरी बातचीत में रेखा ने दीपक से जल्दी घर लौटने को कहा था।

और पढें: सरकारी नौकरी नहीं मिलने से दुखी अतिथि शिक्षिका ने की खुदकुशी, कम वेतन मिलने से थी परेशान

रेखा के पति नायक दीपक सिंह सेना में चिकित्सा सहायक थे। उन्होंने गलवान घाटी में समय पर इलाज देकर 30 भारतीय जवानों की जान बचाई थी। वे घायलों के इलाज के लिए मोर्चे पर पहुंचे थे। तभी चीनी सैनिकों ने उन्हें घायल कर दिया, इसके बाद भी उन्होंने कई घायल जवानों की मदद की थी।