छत्तीसगढ़ में चौथे कांग्रेस नेता का निधन, गरियाबंद के ब्लाक अध्यक्ष राजू ठाकुर की सांस में तकलीफ से निधन, कोविड रिपोर्ट का इंतज़ार

सांस लेने में परेशानी की वजह से कांग्रेस नेता राजू ठाकुर का निधन, इससे पहले गरियाबंद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर औऱ दुर्ग में दो नेताओं की हुई थी मौत

Updated: Apr 10, 2021, 07:06 AM IST

Photo courtesy: Bhaskar
Photo courtesy: Bhaskar

रायपुर। गरियाबंद के कांग्रेस नेता का निधन हो गया। छुरा ब्लाक अध्यक्ष राजू ठाकुर को सांस में तकलीफ की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशंका है कि 35 वर्षीय कांग्रेस नेता राजू ठाकुर की मौत भी कोरोना संक्रमण के चलते हुई है। उनकी कोरोना रिपोर्ट का इंतजार है। राजू ठाकुर को शुक्रवार को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। अस्पताल में इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया। दरअसल पहले उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिर वहां से छुरा सामुदायिक केंद्र ले जाया गया। जिसके बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति की वजह से गरियाबंद रेफर कर दिया था। जहां उनका इलाज के दौरान निधन हो गया।

दुल्ला गांव के रहने वाले राजू दूसरी बार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बने थे। उनकी पहचान सरल और मिलनसार स्वभाव के नेता के तौर पर थी। राजू ठाकुर के निधन पर उनके प्रशंसकों और कांग्रेस में शोक की लहर है। 

और पढ़ें: गरियाबंद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर का कोरोना से निधन, असम से चुनाव प्रचार कर लौटी थीं कांग्रेस नेत्री

कोरोना संक्रमण की वजह से 6 अप्रैल को गरियाबंद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर का निधन हो गया था। असम प्रचार से लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें भी सांस लेने में तकलीफ थी। अस्पताल में इलाज के दौरान ममता राठौर की मौत हो गई। 

दुर्ग ज़िले में दो कांग्रेस नेताओं का निधन हो गया। ज़िला कांग्रेस कमेटी सचिव आकाश जायसवाल कोरोना संक्रमित हुए थे।तीन दिन के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव राहुल लहरे का भी निधन हुआ उन्हें हार्ट अटैक आया था। चार दिनों में चार नेताओं की मौत से कांग्रेस में शोक की लहर है।

छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों में 11447 नए कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं 63 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद कोरना से मरने वालों की संख्या 4654 हो गई है। अब तक 337156 लोग ठीक भी हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना एक्टिव मरीज 76 हजार 868 हैं।