प्रचार मंत्री बन गए हैं प्रधानमंत्री, नॉर्थ ईस्ट जल रहा है, जवान शहीद हो रहे, वो कुछ नहीं बोल रहे: कांग्रेस

बीजेपी भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दे से कोसों दूर है। सिर्फ धर्म के नाम पर जनता को बरगलाने की कोशिश की जा रही है। मणिपुर में हालात गंभीर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं: सीएम भूपेश बघेल

Updated: May 07, 2023, 03:09 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में बीजेपी ने कोई कसर नहीं छोड़ है। तमाम सर्वे रिपोर्ट्स में हार के संकेत के बावजूद पीएम मोदी राज्य में धुआंधार रैलियां कर रहे हैं। पीएम मोदी और बीजेपी की कोशिश है कि प्रचार के आखिरी दिनों में जनता का ध्यान भ्रष्टाचार से हटाकर धार्मिक रंग दिया जाए। पीएम मोदी की इन कोशिशों पर कांग्रेस ने करारा पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री अब प्रचारमंत्री बन गए हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को बेंगलुरु में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री आज प्रचार मंत्री बन गए हैं, पूर्वोत्तर जल रहा है, सीमा पर हमारे जवान शहीद हो रहे हैं, लेकिन पीएम मोदी कुछ नहीं बोल रहे हैं। वे कर्नाटक के लोगों के हित में क्या करेंगे इसपर कोई चर्चा नहीं हो रही है, बस अपना प्रचार कर वोट मांग रहे हैं।'

बघेल ने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी बीजेपी राज्य में हुए भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दे से कोसों दूर हैं। सिर्फ धर्म के नाम पर जनात को बरगलाने की कोशिश की जा रही है। मणिपुर में हालात गंभीर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी के नेता कर्नाटक में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। 

उन्होंने आगे कहा, 'बजरंग बली हम सबके हैं, सबके आराध्य हैं। कर्नाटक में जितने मंदिर हनुमान जी के हैं, मैं नहीं समझता कि यहां किसी और देवी-देवता के मिलेंगे यहां। यह सिर्फ राम के नाम पर वोट मांगेते हैं और हमारी पार्टी वो चाहती है जो महात्मा गांधी ने कहा, राम राज्य होना चाहिए। हमारी पार्टी उस दिशा में चल रह है। यह लोग गाय के नाम पर वोट मांगते हैं, लेकिन यह लोग गाय की सेवा नहीं करते हैं।'

सीएम भूपेश बघेल ने कहा, 'छत्तीसगढ़ में हम 10 हजार से ज्यादा गौ स्थान बना चुके हैं। हम गोबर खरीदने का काम कर रहे हैं, इसमें भी गारंटी दी गई है। दो रुपये किलो हम गोबर खरीद रहे हैं। 112 लाख क्विंटल अब तक खरीद चुके हैं। उस गोबर से अलग-अलग चीजें बना रहे हैं। हम गोबर से बिजली बना रहे हैं। राज्य में साढ़े तीन लाख गोबर विक्रेता हैं, जो गोबर बेचकर पैसे कमा रहे हैं। गौ-माता की सेवा हम कर रहे हैं। ये सिर्फ राम की बात करते हैं। कहते है कि मुंह में राम बगल में छुरी, इनका यही हाल है।'