MP में 121 के पार पहुंचा पेट्रोल, रीवा में बिक रहा है सबसे महंगा तेल

सबसे सस्ता पेट्रोल डीजल सागर में मिल रहा है, सागर में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 118.06 रुपए है, जबकि डीजल की कीमत 107.52 रुपए है

Publish: Nov 02, 2021, 07:45 AM IST

भोपाल। लगातार बढ़ते तेल के दामों ने प्रदेश की जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल डीजल के दामों का खामियाजा मध्य प्रदेश की जनता भुगत रही है। मध्य प्रदेश में इस समय पेट्रोल 121 रुपए के पार बिक रहा है। जबकि डीजल भी 110 रुपए के पार पहुंच गया है। 

पेट्रोल डीजल के बढ़े दामों को लेकर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने बालाघाट के एक पेट्रोल पंप की तस्वीर साझा करते हुए कहा है कि सभी देशवासियों को मोदी जी की ओर से धनतेरस की शुभकामनाएं। 

मध्य प्रदेश में इस समय सबसे महंगा पेट्रोल डीजल रीवा में मिल रहा है। रीवा में एक लीटर पेट्रोल के लिए लोगों को अपनी जेब से 121.54 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं एक लीटर डीजल 110.75 रुपए में बिक रहा है। बालाघाट में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 121.29 रुपए है। जबकि डीजल 110.19 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। 

यह भी पढ़ें : हर चीज़ फ्री में नहीं दे सकती सरकार, थोड़ी महंगाई भी करें स्वीकार: महेंद्र सिंह सिसोदिया

मध्य प्रदेश में सबसे सस्ता तेल सागर में मिल रहा है। सागर में एक लीटर पेट्रोल 118.06 रुपए में बिक रहा है। जबकि एक लीटर डीजल की कीमत 107.52 रुपए है। राजधानी भोपाल में एक लीटर पेट्रोल 118.46 रुपए में मिल रहा है। जबकि एक लीटर डीजल 107.90 रुपए प्रति लीटर है। 

यह भी पढ़ें : मंत्री बिसाहूलाल सिंह का दावा, महंगाई से हो रहा है किसानों का लाभ, इसलिए महंगाई करें स्वीकार

त्यौहारों के सीजन में रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के साथ साथ तेल के दामों में लगी आग के कारण जनता के मन में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। लेकिन दूसरी तरफ खुद प्रदेश सरकार के मंत्री महंगाई का न सिर्फ बचाव कर रहे हैं, बल्कि उसे जायज ठहरा रहे हैं। शिवराज सरकार के दो मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और बिसाहूलाल सिंह जनता को महंगाई स्वीकारने की बात कह चुके हैं।