Kumar Sanu: कोरोना की चपेट में आए सिंगर कुमार सानू

बालीवुड सिंगर कुमार सानू कोविड 19 संक्रमित हो गए हैं, वे क्वारंटाइन में हैं, फैंस सिंगर की सलामती की दुआ कर रहे हैं

Updated: Oct 18, 2020, 06:57 PM IST

Photo Courtesy: new nation
Photo Courtesy: new nation

मुंबई। अपनी आवाज से लोगों को दीवाना बनाने वाले हर दिल अज़ीज़ सिंगर कुमार सानू कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे इनदिनों क्वारंटाइन हैं, उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से अपना टेस्ट कराने की अपील की है। कुमार सानू के घर को बीएमसी ने सील कर दिया है। कोविड पॉजिटिव होने की वजह से उन्होंने अपना लॉस एंजेलिस जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। वे अपने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाने जाने वाले थे।

कुमार सानू का बर्थ डे 20 अक्टूबर को है। कुमार सानू ने एक इंटरव्यू में कहा था कि पूरे लॉकडाउन में काम करने के कारण पिछले 9 महीने से वे अपनी फैमिली से दूर हैं। उनका परिवार लॉस एंजिल्स में हैं, कोरोना की वजह से उनका कार्यक्रम रद्द हो गया है। कुमार सानू की फैमिली में वाइफ सलोनी, बेटी शैनन और ऐनाबेल हैं। जिनसे मिलने के लिए वे काफी एक्साइटेड थे।

कुमार सानू के कोरोना संक्रमित होने पर वाइफ सलोनी ने कहा है कि 'अगर उन्हें ठीक लगा तो 8 नवंबर तक वो यूएस आएंगे। अगर वे नहीं आ पाएंगे तो वे खुद बच्चों को लेकर मुंबई जाएंगी और कुमार सानू के साथ आने वाले सारे त्योहार मनाएंगी।

आपको बता दें कि कुमार सानू ने दो शादियां की हैं। कुमार सानू का बेटा जान इनदिनों बिग बॉस 14 सीजन में कंटेस्टेंट हैं। जान कुमार सानू की पहली पत्नी के बेटे हैं। जान के पैदा होने के कुछ वक्त पहले ही दोनों का तलाक हो गया था। बिग बास में जान सानू और निक्की तंबोली की केमेस्ट्री लोगों को काफी पसंद आ रही है। पिछले दिनों कुमार सानू ने अपने बेटे जान के लिए वोट की अपील भी की थी। वीडियो शेयर कर फैंस से सपोर्ट करने को कहा था।

कुमार सानू ने अपने करियर में 17 हजार से अधिक गाने गाए हैं। एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करने के लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है। साल 2009 में उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आशिकी, साजन, सड़क, दीवाना, बाजीगर, हम हैं राही प्यार के, परदेस, 1942 लव स्टोरी समेत करीब 350 से ज्यादा फिल्मों के गाने गाए हैं। उन्होंने फिल्मफेयर बेस्ट प्लेबैक सिंगर का अवार्ड लगातार पांच साल तक जीता।  आशिकी फिल्म से दुनिया को अपनी गायकी से दीवाना बनाने वाले कुमार सानू 1990 के दौर में पॉप्यूलर थे। उनके गाए गाने आज भी लोगों को पसंद आते हैं।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय, अभिषेक बच्चन, मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर, जैसे कलाकार कोरोना को हरा कर वापस अपने काम पर लौट चुके हैं। वहीं कोरोना से बालीवुड के सदाबहार सिंगर एसपी बालासुब्रमन्यम का निधन कोरोना की वजह से हो गई थी। फैंस अपने फेवरेट सिंगर कुमार सानू की सलामती की दुआ कर रहे हैं।