MP: दो दिन में दो किसानों ने की आत्महत्या, भोपाल के बाद अब हरदा में आर्थिक तंगी ने ली अन्नदाता की जान

मध्य प्रदेश में नहीं थम रहा किसान आत्महत्या का मामला, प्याज का उचित भाव नहीं मिलने से परेशान भोपाल के किसान ने की आत्महत्या, कर्ज के दुष्चक्र में फंसे हरदा के किसान ने भी खत्म की जीवनलीला

Updated: Jun 09, 2023, 07:19 PM IST

भोपाल/हरदा। मध्य प्रदेश में किसान आत्महत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक के बाद एक अन्नदाता अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं। भोपाल के बाद अब हरदा जिले से किसान आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां कर्ज के दुष्चक्र में फंसे किसान ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली।

मामला हरदा जिले के डगावा शंकर गांव का है। यहां 44 वर्षीय किसान राजेश करोड़े ने साहूकारों के तकादे से परेशान होकर 7 जून को सल्फास खा लिया था। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था। जहां शुक्रवार दोपहर उनकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद किसान के बेटे वीरेंद्र करोड़े ने कहा कि मेरे पिता पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज था।

यह भी पढ़ें: हौसला ना हारें, किसी तरह 5 महीने इंतजार करें, कर्ज के दुष्चक्र में फंसे किसानों से कमलनाथ की अपील

वीरेंद्र के मुताबिक कर्ज चुकाने के लिए पिताजी ने 10 एकड़ पैतृक जमीन भी बेच दी थी। इसके बावजूद साहूकारों का हिसाब क्लियर नहीं हो पाया था। वे रोजाना तकादा कर रहे थे। इससे ही परेशान होकर पिता ने यह कदम उठाया है। किसान की मौत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इससे पहले गुरुवार को भोपाल के नजीराबाद थाना इलाके में एक किसान ने फांसी लगा ली थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि वह प्याज की खेती कर रहा था। प्याज की फसल उसके घर पर रखी थी, लेकिन उसे उचित दाम नहीं मिल रहे थे। साथ ही वह गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और काफी तनाव में था।