हौसला ना हारें, किसी तरह 5 महीने इंतजार करें, कर्ज के दुष्चक्र में फंसे किसानों से कमलनाथ की अपील

मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ रहे हैं किसान आत्महत्या के मामले, आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसानों से कमलनाथ की अपील- कांग्रेस सरकार बनते ही कर्ज माफी की जाएगी।

Updated: Jun 09, 2023, 07:17 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में किसान आत्महत्या के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक के बाद एक अन्नदाता अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं। भोपाल के बाद अब हरदा जिले से किसान आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां कर्ज के दुष्चक्र में फंसे किसान ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसानों से पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपील करते हुए कहा कि हौसला ना हारें, किसी तरह 5 महीने इंतजार करें।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, "प्रदेश के हरदा जिले के डगावा शंकर गांव के किसान राजेश ने कर्ज से त्रस्त होकर 7 जून को सल्फास खा लिया था और आज उनका दुखद निधन हो गया। समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के अनुसार उनके ऊपर काफी कर्ज था। कर्ज चुकाने के दबाव में ही उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मैं उनके दुखद निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और पीड़ित परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।"

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने किसानों से अपील करते हुए कहा, "मैं मध्यप्रदेश के किसान भाइयों से यह भी कहना चाहता हूं कि वे कर्ज के बोझ से इस तरह हौसला ना हारें। 5 महीने किसी तरह इंतजार करें। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों की कर्ज माफी की जाएगी और किसी किसान भाई को दुखी नहीं होने दिया जाएगा।"

यह भी पढ़ें: MP: दो दिन में दो किसानों ने की आत्महत्या, भोपाल के बाद अब हरदा में आर्थिक तंगी ने ली अन्नदाता की जान

बता दें कि हरदा में किसान राजेश करोड़े की मौत के बाद उनके बेटे वीरेंद्र करोड़े ने शुक्रवार को बताया कि उनके पिता पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज था। वीरेंद्र के मुताबिक कर्ज चुकाने के लिए पिताजी ने 10 एकड़ पैतृक जमीन भी बेच दी थी। इसके बावजूद साहूकारों का हिसाब क्लियर नहीं हो पाया था। वे रोजाना तकादा कर रहे थे। इससे ही परेशान होकर पिता ने यह कदम उठाया है।

इसके पहले गुरुवार को भोपाल के नजीराबाद थाना इलाके में एक किसान ने फांसी लगा ली थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि वह प्याज की खेती कर रहा था। प्याज की फसल उसके घर पर रखी थी, लेकिन उसे उचित दाम नहीं मिल रहे थे। साथ ही वह गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और काफी तनाव में था।