India China Border : चीन ने 10 भारतीय सैनिकों को रिहा किया

Media Reports : मेजर जनरल स्तर की बातचीत के बाद शुक्रवार को 10 जांबाजों को रिहा किया गया, जिसमें 4 अफसर शामिल हैं

Publish: Jun 20, 2020, 07:01 AM IST

Photo courtesy : wire
Photo courtesy : wire

भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में सीमा पर चल रहे तनाव के दौरान एक बड़ी खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि चीन ने 10 भारतीय जवानों को रिहा किया है। न्यूज़ चैनल एनडीटीवी ने सैन्य सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि सोमवार रात दोनों देशों के बीच हुए हिंसक झड़प के दौरान चीन ने 10 भारतीय जवानों को बंधक बना लिया था। चैनल का दावा है कि दोनों पक्षों में मेजर जनरल स्तर की बातचीत के बाद शुक्रवार को दस जांबाजों को रिहा किया गया है जिसमें चार ऑफिसर शामिल हैं। हालांकि भारतीय सेना की ओर से इस बारे में अबतक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं कि गयी है।

बता दें कि भारतीय सेना के अधिकारियों ने इसके पहले यह स्पष्ट करते हुए कहा था कि चीन ने भारत के एक भी सैनिक को बंधक नहीं बनाया है। लेकिन अब खबरें आ रही हैं कि चीन ने शुक्रवार को 10 भारतीय जवानों को रिहा किया है जिनमें 2 मेजर और 2 कैप्टन रैंक के अधिकारी हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सोमवार रात हुई हिंसक झड़प के दौरान उक्त सैनिकों को बंधक बनाया गया था जिन्हें शुक्रवार को मेजर जनरल स्तर के बातचीत के बाद रिहा किया गया है। बता दें कि दोनों देशों के बीच जारी गतिरोध को कम करने की दिशा में बुधवार को मेजर जनरल स्तर की लगातार तीसरे दिन बैठक थी।

गौरतलब है कि गलवान घाटी में सोमवार रात लाइन ऑफ कंट्रोल पर भारतीय व चीनी सेना के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान भारत के 20 जवान शहीद हुए थे वहीं मीडिया रिपोर्ट्स बता रहे हैं कि चीन के 30 से 40 सैनिक मारे गए हैं। इस घटना के बाद देशभर के लोगों का चीन के खिलाफ गुस्सा फूटा है। वहीं मामले पर केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। विपक्ष ने घटने पर प्रधानमंत्री के साथ खड़े होने की बात कही है वहीं उनका यह भी कहना है कि प्रधानमंत्री क्यों चुप हैं वे देशवासियों को स्थिति बताएं।