डोमिनिका में पकड़ा गया भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी, क्यूबा जाने के प्रयास में था

चोकसी 23 मई को एंटीगुआ से लापता हो गया था, इसके बाद इंटरपोल ने उसके खिलाफ येलो नोटिस जारी किया था

Updated: May 27, 2021, 03:42 AM IST

Photo Courtesy: India Tv
Photo Courtesy: India Tv

नई दिल्ली। भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी डोमिनिका से पकड़ा गया है। स्थानीय समय के मुताबिक मंगलवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हाल ही में मेहुल चोकसी लापता हो गया था, जिसके बाद मेहुल चोकसी के खिलाफ इंटरपोल ने येलो नोटिस जारी किया था। मेहुल चोकसी मोटरबोट के जरिए डोमिनिका गया था। 

भारतीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चोकसी की गिरफ्तारी के बाद एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउने ने कहा है कि वे डोमिनिका सरकार से यह अनुरोध किया है कि वे कारोबारी को सीधे भारत को ही सौंप दें। एंटीगुआ की सरकार इसके लिए डोमिनिका और भारतीय उच्चायुक्त के संपर्क में हैं। 

यह भी पढ़ें : भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी एंटीगुआ से हुआ गायब, क्यूबा में छुपने का अंदेशा

मेहुल चोकसी जनवरी 2018 में सामने आए भारत के बहुचर्चित पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी है। चोकसी पर हज़ारों करोड़ की हेराफेरी का आरोप है। चोकसी घोटाले के बाद एंटीगुआ भाग गया था। चोकसी नवंबर 2017 में ही एंटीगुआ की नागरिकता ले चुका था। 

बीते 23 मई को चोकसी अपने एंटीगुआ स्थित आवास से गायब हो गया था। चोकसी की कार एंटीगुआ पुलिस को मिली थी, लेकिन चोकसी का कुछ पता नहीं चल पाया। चोकसी के एक करीबी ने बताया था कि वो क्यूबा जा सकता है, क्योंकि वहां उसका एक आलीशान मकान है। भारत सरकार लगातार एंटीगुआ कर चोकसी की नागरिकता का खत्म करने का दबाव बना रही थी।चोकसी पर एंटीगुआ में दो मामले में भी दर्ज हैं। पहला मामला प्रत्यर्पण का है और दूसरा नागरिकता हासिल करने के लिए गलत दस्तावेज प्रस्तुत करने का है।