भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है आजीविका मिशन, भ्रष्ट अधिकारी को बचाने में लगी शिवराज सरकार: दिग्विजय सिंह

नेताओं के स्वागत पर खर्च की जा रही है आजीविका मिशन की राशि, महिला स्व सहायता समूहों का उपयोग अब सिर्फ रैलियों, सम्मेलनों और भाजपा के इंवेटों में भीड़ जुटाने के लिए किया जा रहा है: दिग्विजय सिंह

Updated: May 26, 2023, 10:53 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आजीविका मिशन में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सिंह ने कहा है कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार आजीविका मिशन के भ्रष्ट अधिकारी की करतूतों को छुपाकर उसे बचाने का प्रयास कर रही है। पूर्व सीएम ने यह भी आरोप लगाया कि आजीविका मिशन की राशि नेताओं के स्वागत पर खर्च की जा रही है। 

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा, 'आजीविका मिशन की दीदियां वर्षों से कड़ी मेहनत, लगन एवं निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं। उसे अनदेखा कर आजीविका मिशन के राज्य कार्यालय में बैठे भ्रष्ट अधिकारी के द्वारा व्यापक भ्रष्टाचार कर उन समूह को स्वावलंबी नहीं बनाकर केवल कागजों पर ही उन्हें दिखाया जा रहा है जबकि वास्तविक स्थिति भिन्न है। समूह की सदस्य आज भी वह लाभांश नहीं प्राप्त कर पा रही हैं। लाभांश सिर्फ कागजों में दर्शाया जा रहा है। दीदीयाँ स्वयं अपने निर्णय नहीं ले पा रही हैं, उनकी चेक बुक उनके प्रोसीडिंग रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख आजीविका मिशन के अधिकारी और कर्मचारी अपने संरक्षण में रखते हैं। राज्य स्तर पर बैठे भ्रष्ट अधिकारी के निर्देशानुसार आजीविका मिशन का अमला कार्य कर रहा हैं।'

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं करना पूरे आदिवासी समुदाय का अपमान, दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

सिंह ने आगे कहा कि, 'पिछले दिनों प्रदेश के प्रमुख अखबारों ने शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को यूनिफॉर्म नहीं मिलने की खबर का प्रकाशन किया। इसमें करोड़ों रुपए के घोटाले का भ्रष्टाचार प्रमुख रूप से उजागर किया गया था। राज्य सरकार इस खबर की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय भ्रष्ट अधिकारी को बचाने में लग गई। समूह की भोली-भाली दीदियों को आगे कर इस घोटालेबाज अधिकारी को बचाने का एवं छुपाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता आजीविका मिशन की गतिविधियों पर पूरी नजर रखे हुए हैं और ऐसे भ्रष्ट अधिकारी जिनके ऊपर दोष सिद्ध हो गए हैं, बच नही पायेंगे। सरकार में यदि जरा सी भी नैतिकता बची हो तो उसे तत्काल पद से पृथक कर उनके भ्रष्ट कार्यों एवं पद के दुरुपयोग के आरोपो की जांच कराते हुए उसे दंडित करना चाहिए।'

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, 'आजीविका मिशन की शुरूआत वर्ष 2012 में केंद्र की यूपीए सरकार द्वारा गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए की गई थी। कांग्रेस द्वारा की गई वही शुरूआत आज जन आंदोलन बन चुकी है। परंतु भाजपा सरकार में मप्र में यह आंदोलन अब विपरीत दिशा में जा रहा है, भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते आधे से ज्यादा स्व सहायता समूह या तो खत्म हो गए हैं, या निष्क्रिय हो गये हैं। कांग्रेस ने जब आजीविका मिशन की शुरूआत की थी तो यह निर्देश थे कि 12 प्रतिशत से अधिक ब्याज समूह सदस्य से नहीं लिया जाए। कांग्रेस सरकार में स्व सहायता समूह की महिलाओं को 12% की दर से ऋण दिया जाता था। लेकिन भाजपा सरकार ने 24 प्रतिशत ब्याज वसूला, जो आरबीआई के निर्देशों के विपरीत है। प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब महिलाओं के सशक्तिकरण के विपरीत कार्य कर रही है। यह महिला विरोधी शिवराज सरकार छोटे समूहों को पनपने नहीं देती है।'

यह भी पढ़ें: हमें हिंदू राष्ट्र की आवश्यकता नहीं, इन्होंने धर्म को धंधा बना लिया है, धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों पर बरसे शंकराचार्य

सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि आजीविका मिशन की राशि नेताओं के स्वागत पर खर्च की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि, 'प्रशिक्षण का नाम पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री की यात्राओं पर यह राशि खर्च की गई। प्रधानमंत्री के कूनो नेशनल पार्क में यात्रा में आजीविका मिशन की राशि व्यय की गई। इसी प्रकार राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति के साथ ही मुख्यमंत्री के अनेकों कार्यक्रमों में भी आजीविका मिशन से धनराशि व्यय की गई। आजीविका मिशन भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया हैै। मुख्य कार्यपालन अधिकारी की नियुक्ति नियम विरुद्ध की गई। वह पूरी तरह विवादित एवं भ्रष्ट अधिकारी हैं। उन पर भ्रष्टाचार के साथ अन्य आरोप भी साबित हो चुके है, यहां तक कि एक जांच में आईएएस अधिकारी ने उक्त अधिकारी के भ्रष्टाचार की जांच कर आईपीसी की धाराएं तक प्रस्तावित कर दी हैं। वहीं भाजपा सरकार ने सियासी लाभ लेने की लिए ऐसे भ्रष्ट अधिकारी को रिटायरमेंट के पांच साल बाद भी आजीविका मिशन का मुखिया बना रखा है।'

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, 'भाजपा सरकार में महिला स्व सहायता समूहों का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्हें केवल वोट बैंक समझकर उनका उपयोग अब सिर्फ रैलियों, सम्मेलनों और भाजपा के इंवेटों में भीड़ जुटाने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में बसों के माध्यम से अन्य जिलों से लाकर स्व सहायता समूह की महिलाओं को भीड़ बनाकर कार्यक्रमों में संख्या दिखाई जा रही है। इसके चलते अनेकों बस दुर्घटना हो चुकी हैं जिसमें कई निर्दोष लोगों की मौत हुई हैं, इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है।'