चुनाव पूर्व भाजपा को लगा जोरदार झटका, अवधेश नायक और राजकुमार धनौरा ने थामा कांग्रेस का दामन
अवधेश नायक और राजकुमार धनौरा के कांग्रेस में शामिल होने से गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह के गढ़ में भाजपा को गहरा झटका लगा है। शायर अंजुम रहबर भी आज कांग्रेस में शामिल हुईं हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा के कद्दावर नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा को अब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और राजस्व मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के क्षेत्र में जोरदार झटका लगा है। सुरखी से राजकुमार सिंह धनौरा और दतिया के अवधेश नायक रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वहीं, आज मशहूर शायर अंजुम रहबर भी कांग्रेस में शामिल हो गई हैं।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के विधानसभा क्षेत्र दतिया के अवधेश नायक व राजस्व मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के क्षेत्र सुरखी के राजकुमार धनौरा सैंकड़ों वाहनों के काफिले के साथ रविवार को राजधानी भोपाल पहुंचे। यहां पीसीसी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने संयुक्त रूप से उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। उनके साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के दतिया और सुरखी ऐसे विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां आतंक का राज है। लोगों पर झूठे प्रकरण दर्ज करा कर प्रताड़ित किया जाता है। अवधेश नायक ने कहा कि हमें रोकने के लिए सत्ता और संगठन की ओर से काफी प्रयास हुए, लेकिन दतिया की आजादी के लिए हमने कांग्रेस के साथ आने का निर्णय लिया है। बिना शर्त कांग्रेस में आए हैं और यह विश्वास दिलाते हैं कि विधानसभा में कांग्रेस के जो विधायक पहुंचेंगे, उनमें सबसे बड़ी जीत के साथ दतिया से कांग्रेस विधायक पहुंचेगा। उन्होंने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर झूठे प्रकरण दर्ज करवाकर भाजपा के ही कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया।
माननीय कमलनाथ जी और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर दतिया से श्री अवधेश नायक, सागर से श्री राजकुमार धनोरा, धार से सुश्री शुभांगना राजे सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने काग्रेस पार्टी ज्वाइन की।
— Piyush Babele||पीयूष बबेले (@BabelePiyush) August 6, 2023
सभी नेता कार्यकर्ताओं का कांग्रेस पार्टी में हार्दिक स्वागत है। pic.twitter.com/n2iDhHqYKs
सागर सुरखी के राजकुमार सिंह धनौरा ने कहा कि संगठन में हमारी बात तक नहीं सुनी गई। गद्दार के कहने पर हमें पार्टी से निकाल दिया। कई झूठे प्रकरण दर्ज करवा दिए। संकट के समय में कमल नाथ और दिग्विजय सिंह ने साथ दिया। अब हम पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस के साथ हैं और सुरखी सहित बुंदेलखंड में भाजपा को हराने का काम करेंगे।
बहरहाल, इन दोनों नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह के गढ़ में भाजपा को गहरा झटका लगा है। ये दोनों सीट उन 66 विधानसभा क्षेत्रों में से है जहां कांग्रेस की स्थिति कमजोर मानी जाती है। हालांकि, इनके शामिल होने के बाद कांग्रेस अब मजबूत स्थिति में आ गई है और भाजपा को बड़ा नुकसान होना तय माना जा रहा है। बता दें कि अवधेश नायक मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिला था। वहीं राजकुमार धनौरा सागर में बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।