सतना में BJP नेता ने नाबालिग छात्रा के साथ की शर्मनाक करतूत, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

Satna Molestations Case: मध्य प्रदेश के सतना में एक बीजेपी नेता पर नाबालिग छात्रा से लिफ्ट देने के बहाने छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। बवाल बढ़ने के बाद उसे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।

Updated: Nov 26, 2023, 04:35 PM IST

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां बीजेपी के मंडल अध्यक्ष पर बोलेरो में लिफ्ट देने के बहाने छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रा सतना शहर में स्थित इंदिरा कन्या महाविद्यालय में प्रथम वर्ष में पढ़ाई करती है। वह गांव से रोजाना महाविद्यालय आती-जाती है। शनिवार को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसी बीच बीजेपी सोहावल मंडल का अध्यक्ष कल्याण सिंह वहां पहुंच गया। उसने छात्रा को महाविद्यालय तक छोड़ने की पेशकश की। छात्रा के परिजन कल्याण सिंह को पहचानते थे। 

इस वजह से छात्रा के परिजनों ने भी कोई आपत्ति नहीं की और वे भी बेटी को उसके साथ उसकी बोलेरो में बैठकर सतना शहर भेज दिया। कुछ दूर चलने के बाद कल्याण सिंह की बुरी नीयत उस पर हावी हो गई। वह छात्रा के साथ गंदी बातें और छेड़छाड़ करने लगा। गाड़ी में बैठी नाबालिक छात्रा ने जब चीख-पुकार मचाई तो आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह ने गाड़ी का लॉक खोल दिया। इसके बाद छात्रा अपने आप को बचाकर गाड़ी से उतरी। कुछ दूर जाने के बाद उसने मोबाइल फोन के जरिए अपने परिजनों को पूरा घटनाक्रम बताया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन छात्रा को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे। थाने में शिकायत दर्ज करते हुए परिजनों ने बताया कि मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह ने लिफ्ट देने के बहाने से छात्रा को अपनी कार में बैठाया। इसके बाद रास्ते में उसके साथ छेड़खानी और जबरदस्ती की। टीआई सिविल लाइन योगेन्द्र सिंह परिहार के अनुसार पीड़ित छात्रा की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में आरोपी कल्याण सिंह निवासी रामपुर चौरासी के खिलाफ धारा 354, 354(क)(1)(i) आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

मामला सामने आने के बाद सतना के बीजेपी अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि रैगांव विधानसभा क्षेत्र के सोहावल मण्डल के अध्यक्ष कल्याण सिंह के ऊपर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हुआ है। इस मामले के कारण बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने निर्दश जारी किए हैं। उनके निर्देश के आधार पर कल्याण सिंह को मंडल अध्यक्ष के दायित्व सहित पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।