कांग्रेस ने 4 जनवरी को बुलाई प्रदेश अध्यक्षों की बैठक, भारत न्याय यात्रा के रूट को अंतिम रूप दिया जाएगा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिक़ार्ज़ून खड़गे ने 4 जनवरी को सभी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेताओं की बैठक बुलाई है, इसमें भारत न्याय यात्रा और लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी।

Updated: Dec 29, 2023, 01:46 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को नागपुर में "हैं तैयार हम" महारैली के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया। इसी के साथ पार्टी ने चार जनवरी को एक अहम बैठक बुलाई है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और सीएलपी नेताओं को दिल्ली बुलाया है। यहां खड़गे और राहुल गांधी के साथ एआईसीसी मुख्यालय में उनकी बैठक होगी। इसमें भारत न्याय यात्रा और लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।

इस बैठक की जानकारी देते हुए कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने गुरुवार को 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया। 4 जनवरी 2024 को दिल्ली में PCC अध्यक्ष और CLP नेताओं की एक बैठक होगी और भारत न्याय यात्रा जो राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू होगी... उसके रूट को अंतिम रूप दिया जाएगा।'

बता दें कि कांग्रेस ने ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा को आगे बढ़ाते हुए अब भारत न्याय यात्रा निकालने का ऐलान किया है। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर मुंबई पहुंचेगी। यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी। इसी यात्रा के फाइनल रूट को लेकर खड़गे ने पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है।