भोपाल के वार्ड-41 पार्षदी चुनाव में भाजपा ने मारी बाजी, BJP प्रत्याशी रेहान सिद्दिकी 2600 वोटों से जीते

BJP प्रत्याशी रेहान सिद्दिकी को 4873, दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी मो. फहीम को 2253 जबकि निर्दलीय प्रत्याशी अहमद अकबर खान को 2164 मत प्राप्त हुए।

Updated: Jan 09, 2024, 11:46 AM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के वार्ड-41 के पार्षद पद के लिए हुए उप चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। बीजेपी प्रत्याशी रेहान सिद्दिकी ने 2600 से अधिक मतों से जीत दर्ज की है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी मो. फहीम रहे और उन्हें 2253 मत प्राप्त हुआ।

यह पहली बार है जब वार्ड 41 से बीजेपी चुनाव जीती है। यह सीट परंपरागत रूप से कांग्रेस का रहा है। मुस्लिम बाहुल्य सीट होने के कारण भाजपा ने भी इस बार मुस्लिम कैंडिडेट मैदान में उतारा था। पार्टी को इसका फायदा भी मिला। यह सीट कांग्रेस पार्षद मो. सगीर के निधन के बाद खाली हुई थी। 

मो सगीर राजधानी भोपाल के सबसे सीनियर पार्षद थे। वे 1999 से लगातार पार्षद रहे। सगीर कृष्णा गौर और आलोक शर्मा के महापौर कार्यकाल में नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे। वे लंबे समय से बीमार थे और पिछले साल 25 जुलाई को उनका निधन हो गया था। इससे यह सीट रिक्त हो गई थी।

बीजेपी-कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी और AIMIM भी पार्षद चुनाव में मैदान में रही। आम आदमी पार्टी से असद अली, AIMIM से तौकीर अहमद निजामी के साथ ही निर्दलीय कैंडिडेट के रूप में अहमद अकबर खान, अलीमउद्दीन कुरैशी, काजी आसिफ, मो. अजहर मियां और मो. कलीम खां मैदान में थे।

आम आदमी पार्टी को महज 145 वोट से संतोष करना पड़ा। जबकि AIMIM कैंडिडेट को 78 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी अहमद अकबर खान को 2164 मत प्राप्त हुए।