खरगोन के बड़वाह उपजेल में विचाराधीन कैदी की मौत, मज़िस्ट्रियल जांच के आदेश

खरगोन में 74 वर्षीय विचाराधीन कैदी, भाजपा नेता और बड़वाह नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष की मौत से हड़कंप मच गया है। वे 420 के केस में बंद थे।

Updated: Feb 22, 2024, 11:49 AM IST

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की बड़वाह उपजेल के एक विचाराधीन कैदी की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक भाजपा नेता और बड़वाह नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार सिंह सोलंकी हैं। 74 वर्षीय सरदार सिंह को 420 के आरोप में जेल में बंद कर दिया गया था। उनके भांजे ने पुलिस पर जबरन 420 का केस दर्ज कर फंसाने के आरोप लगाए हैं।

सनावद के पूर्व नपा उपाध्यक्ष और भाजपा नेता 74 वर्षीय सरदार सिंह सोलंकी 13 फरवरी से जेल में थे। बीती रात पेट दर्द की शिकायत पर सिविल अस्पताल में भर्ती किये गए थे। उपचार के उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है बंदी सरदार सिंह कब्ज, पेट दर्द की शिकायत पर शाम को भी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन ठीक होने पर फिर जेल ले जाया गया। कुछ घंटो बाद जेल में तबीयत बिगड़ी तो फिर से सिविल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जेल के विचाराधीन कैदी की मौत होने पर न्यायाधीश की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम होगा। जेलर युवराज सिंह मुवेल ने बताया कि थाना सनावद में धारा 420,34 आईपीसी के तहत 13 फरवरी को सनावद न्यायालय के आदेश पर लाया गया था। जेल प्रवेश के समय उनके एक पैर में रॉड थी। एक घुटने से चलने में समस्या थी। जेलर में बंदी की नियमित जांच भी हो रही थी। 20 फरवरी को भी उन्हें जेल चिकित्सक श्याम पटेल ने दोपहर 12 बजे जांच की थी। सरदार सिंह कब्ज, पेट फूलने की शिकायत की थी।