ब्रेकिंग: जबलपुर में लैंडिंग के दौरान अनियंत्रित हुई एयर इंडिया की फ्लाइट, बाल बाल बचे यात्री

एयर इंडिया की दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसली, टला बड़ा हादसा, सभी 54 यात्री सुरक्षित

Updated: Mar 12, 2022, 11:53 AM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक बड़ा हादसा टल गया है। जबलपुर के डुमना हवाईअड्डे पर लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया की फ्लाइट अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि रनवे पर फिसलने से विमान नीचे मिट्टी की ओर दौड़ने लगा। लेकिन जल्द ही उसे काबू कर लिया गया। उस वक्त  विमान में 54 यात्री सवार थे।

राहत की बात ये है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी 54 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटनास्थल को एयरपोर्ट प्रशासन ने सील कर सभी यात्रियों को लाउंज में सुरक्षित पहुंचा दिया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और एयरपोर्ट अधिकारी पहुंच गए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है।

बताया जा रहा है कि दिल्ली से चलकर जबलपुर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट E-6 दोपहर करीब डेढ़ बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर पहुंची थी। हवाई पट्टी पर उतरते वक्त विमान अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर की तरफ जाने लगा। इससे विमान में हड़कंप मच गया और यात्री भयभीत हो गए। हालांकि, पायलटों की सूझबूझ से विमान किसी तरह फिर से रनवे पर लाया गया।