मंदसौर: खदान में डूबने से 4 छात्रों की मौत, घर से ट्यूशन का कहकर नहाने गए थे किशोर

क्रेशर मशीन की खदान में भरा था बारिश का पानी, नहाने उतरे थे 6 किशोर, चार गहरे पानी में डूब गए, गांव में मातम

Updated: Aug 04, 2022, 03:54 AM IST

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 4 किशोरों की खदान के पानी में डूबने से मौत हो गयी। सभी की उम्र 15 से 17 साल बताई जा रही है। मृतक किशोर दोस्त थे और उनमें से एक का बुधवार को जन्मदिन भी था। ये सभी ट्यूशन जाने का कहकर घर से निकले थे। लेकिन सीधे खदान के गड्ढे में भरे पानी में नहाने चले गए। इस दौरान एक दोस्त डूबने लगा तो उसे बचाने के चक्कर में 3 छात्र भी डूब गए। 

मामला मंदसौर के मुंदड़ी गांव का है। यहां क्रेशर मशीन की खदान को खुली छोड़ दी गयी थी। खदान में बारिश का पानी भरा हुआ था। गिट्टी मशीन की खदान में पानी भरने से वह तालाब का रूप ले चुका था और ऐसे में 6 बच्चे नहाने के लिए खदान पर गए थे। इनमें से 4 बच्चे की डूबकर मौत हो गई।चारों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि वे घर से ट्यूशन का कहकर निकले थे।

यह भी पढ़ें: MP में मॉब लिंचिंग, गौ तस्करी के शक में मुस्लिम युवक को दी दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल

खदान पर नहाने आए 6 दोस्तों में से एक कुणाल सिंह कछावा (16) का बुधवार को जन्मदिन था। रास्ते में उन्होंने बर्थडे सेलिब्रेट भी किया। इसके बाद वे सभी मूंदड़ी गांव की इस खदान में नहाने आ गए थे। इनमें से कुणाल समेत चार दोस्त नहाने के लिए खदान में उतरे। लेकिन जिंदा बाहर नहीं आ सके। चूंकी सभी बच्चे कोचिंग जाने के बहाने यहां नहाने पहुंचे थे। ऐसे में खदान के किनारे ही उनके स्कूल बैग, कपड़े और जूते पड़े मिले।

मौके पर वायडी नगर पुलिस SDRF टीम के साथ पहुंची। कुछ देर में एसपी अनुराग सुजानिया भी मौके पर पहुंच गए। करीब डेढ़ घंटे की तलाशी के बाद खदान से चारों बच्चों के शव निकाल लिए गए। मृतकों में दीपक सिंघाल (16), कुणाल सिंह कछावा (16), तरुण सिंह सोलंकी (15) और ध्रुव शर्मा (17) शामिल है। सभी अभिनन्दन नगर मंदसौर थाना वायडी नगर के निवासी है। रोहित परमार और भव्यराज सुरक्षित हैं।