उज्जैन की पोहा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 मजदूरों की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

उज्जैन के डीएम आशीष सिंह ने कहा कि पोहा फैक्ट्री में लगी आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। लेकिन भीतर लाइट की कमी होने की वजह रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Updated: Sep 16, 2022, 03:11 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की एक पोहे की फैक्ट्री में भीषण आग लगी है। आग की वजह से फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर बुरी तरह झुलस गए। इस भीषण अग्निकांड में 3 मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर है।

ये हादसा शुक्रवार शाम नागझिरी थाना क्षेत्र में उद्योगपुरी स्थित फैक्ट्री में हुआ था। इस घटना के दौरान महिलाएं पोहा फैक्ट्री काम कर रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई है और मृतकों तथा झुलसे हुए लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाला जा रहा है।

हादसे में घायल हुई सीमा नाम की एक महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया है। वहीं 45 वर्षीय दुर्गा निवासी बोरखेड़ी और ज्योति बाई निवासी नागझिरी की आगजनी में मौत हो गई है। उज्जैन के डीएम आशीष सिंह ने कहा कि पोहा फैक्ट्री में लगी आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। लेकिन भीतर लाइट की कमी होने की वजह रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

यह भी पढ़ें: टाइगर स्टेट में चीतों की एंट्री: कूनो में आसान नहीं नामीबियाई चीतों का बसर, इंसानों से संघर्ष बड़ी चुनौती

शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना में तीन लोगों की मौत हुई है और एक शख्स घायल है। बाकी सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि फैक्ट्री मालिक राकेश बिंदल से घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आगजनी की घटना घटित हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही पुख्ता तौर पर घटना के बारे में कुछ भी कहा जा सकेगा।