चंबल नदी में कार गिरने से दूल्हा समेत 9 लोगों की मौत, राजस्थान से उज्जैन आ रही थी बारात

राजस्थान के कोटा में एक कार चंबल नदी में गिर गई, हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासन ने आनन फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी किया, लेकिन कार में सवार नौ लोगों की मौत हो चुकी थी, जिसमें दूल्हा भी शामिल था

Updated: Feb 20, 2022, 06:08 AM IST

Photo Courtesy: TV 9
Photo Courtesy: TV 9

कोटा। राजस्थान के कोटा में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंबल नदी में कार गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई। इस कार में बाराती सवार थे और उज्जैन आ रहे थे। हादसे में दूल्हे की भी मौत हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बारात राजस्थान के चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन के लिए निकली थी। रास्ते में कोटा जिले में चंबल नदी के पुल से कार नीचे नदी में गिर गई। प्रशासन को हादसे की खबर रविवार सुबह लगी।

रविवार सुबह जब स्थानीय लोग पुल से गुजर रहे थे, तब उन्होंने नदी में एक कार को गिरा हुआ देखा। स्थानीय लोगों ने आनन फानन में प्रशासन को सूचना दी। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 

रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल नौ लोगों के शव बरामद किए गए हैं। सात शवों को कार से जबकि दो शवों को नदी से बरामद किया गया। बरामद किए गए शवों में एक शव दूल्हे का भी है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुर्घटना पर शोक प्रकट किया है, साथ ही उन्होंने इस हादसे की सारी जानकारी कोटा कलेक्टर से भी ली है। सीएम गहलोत ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित 9 लोगों की मृत्यु बेहद दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। कलक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं,ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें, दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।