होर्डिंग्स पर 12 नेताओं की तस्वीर है, शिवराज को CM चेहरा घोषित करने में शर्मा रही है बीजेपी: कमलनाथ

शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए कमलनाथ ने कहा, 'आज भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। प्रदेश का हर व्यक्ति या तो वह भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है।'

Updated: Nov 03, 2023, 08:40 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अब महज दो हफ्ते ही बाकी हैं। सभी दलों के नेता जोरशोर से प्रचार-प्रसार करने में जुट गए हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बीजेपी द्वारा लगाए जा रहे होर्डिंग्स पर तंज कसा है। कमलनाथ ने कहा कि होर्डिंग्स पर 12 नेताओं की तस्वीर है। भाजपा शिवराज सिंह चौहान को सीएम चेहरा घोषित करने में शर्मा रही है तो इसके पीछे कारण है।

कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, 'आज भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। प्रदेश का हर व्यक्ति या तो वह भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है।' इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ा मुद्दा है शिवराज सिंह चौहान की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना...चाहे व्यापमं घोटाला हो, डंपर घोटाला हो, नर्सिंग कॉलेज घोटाला हो, महाकाल मंदिर में भ्रष्टाचार हो... हम महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्या जैसे मुद्दों पर लड़ रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस का महाजनसंपर्क अभियान, कमलनाथ 70 और दिग्विजय सिंह करेंगे 60 रैलियां

कमलनाथ ने आगे कहा, 'आदिवासियों, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार में मध्य प्रदेश नंबर वन है। प्रदेश की इस हालात को बदलना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। मध्य प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि 50 प्रतिशत कमीशन लेने वाली शिवराज सरकार को हटाना है।' बता दें कि मध्य प्रदेश में भारी एंटी इनकंबेंसी से जूझ रही भाजपा ने इस बात बगैर चेहरे का चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। बीजेपी के कई कद्दावर नेता व सांसद चुनावी मैदान में हैं। पार्टी लोगों को यह संदेश देने की कोशिश में है कि सीएम शिवराज को सीएम पद से हटाया जा सकता है।

इधर, कांग्रेस इस मामले में भाजपा से काफी आगे है। यहां सीएम फेस स्पष्ट है। पार्टी ने कमकनाथ को अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की जोड़ी धुआंधार रैलियां कर रही है। पार्टी ने एक बयान में बताया है कि अगले दो हफ्ते में पीसीसी चीफ कमलनाथ 70 रैलियां करने वाले हैं, जबकि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की भी 60 रैलियां प्रस्तावित हैं।