इंदौर के अनाथ आश्रम में दो बच्चों की हुई मौत, 12 अस्पताल में भर्ती, खून में इंफेक्शन की आशंका

इंदौर के अनाथ आश्रम में कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। दो दिन में दो बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चों के खून में इंफेक्शन मिला है।

Updated: Jul 02, 2024, 10:35 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एक अनाथ आश्रम में कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। यहां दो दिन में दो बच्चों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चों के खून में इंफेक्शन मिला है। मंगलवार सुबह बच्चों को एमवाय अस्पताल से चाचा नेहरु अस्पताल भेजा गया है। 

ये बच्चे मल्हारगंज स्थित श्री युगपुरुष धाम में रह रहे थे। इन्हें अलग-अलग जिलों से लाकर आश्रम को सौंपा गया था। मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक 12 साल के करण की सोमवार को तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। मंगलवार सुबह 7 साल के आकाश ने दम तोड़ दिया।

एमवाय हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव का कहना है कि बच्चों में डिहाइड्रेशन के प्रारंभिक लक्षण मिले हैं। अस्पताल में 12 बच्चे भर्ती हैं, इनमें से दो की हालत गंभीर है। जबकि दो बच्चों की रविवार व सोमवार को मौत हो चुकी है। 

अस्पताल में भर्ती बच्चों की जानकारी लेने के लिए इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह भी अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स की टीम बता रही है कि सभी का इलाज कर रही है। फूड पॉइजनिंग का मामला हो सकता है। आश्रम में 207 बच्चे हैं। उनकी जांच कर रहे हैं। वहां परीक्षण के लिए टीम भेज दी गई है।