यज्ञ करने पर उतारू हैं कोरोना भगाने की तरकीब सुझाने वाली मंत्री उषा ठाकुर, मुख्यमंत्री के मास्क अभियान का पालन करना नहीं समझती हैं ज़रूरी
उषा ठाकुर इंदौर के रजवाड़ा में नौ दिनों का यज्ञ आयोजित करा रही हैं, पर्यटन मंत्री का दावा है कि इससे प्रदेश से कोरोना का संकट दूर भाग जाएगा

भोपाल/इंदौर। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना का कहर बदस्तूर जारी है। इस बीच कोरोना से निपटने के लिए समय समय पर तरकीब सुझाने वाली शिवराज सरकार में मंत्री उषा ठाकुर अब यज्ञ कर रही हैं। उषा ठाकुर का मानना है कि इससे प्रदेश से कोरोना का साया दूर चला जाएगा।
उषा ठाकुर के इस नौ दिनों के यज्ञ में शिरकत करने के लिए सोमवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट भी पहुंचे थे। इसकी तस्वीर खुद पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट की। लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि कम से कम तस्वीर में भी उषा ठाकुर ने मास्क पहनना ज़रूरी नहीं समझा।
संक्रमण ख़त्म करने के लिए राजवाड़ा पर माँ अहिल्या जी की प्रतिमा के नीचे गुडी पड़वा से नो दिनी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है ।
— Usha Thakur (@UshaThakurMLA) April 19, 2021
आज प्रातः माननीय मंत्री @tulsi_silawat जी भी इस यज्ञ में आहुति देने पहुँचे। pic.twitter.com/GurCAAPCfw
एक तरफ खुद उनकी सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लोगों से कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनने का आह्वान कर रहे हैं। लेकिन शिवराज की अपनी ही मंत्री मास्क पहनना ज़रूरी नहीं समझती। उषा ठाकुर का इस बात में अडिग विश्वास है कि कोरोना को खत्म करने की सबसे बड़ी काट अगर कुछ है तो वह हवन और यज्ञ है।
यह भी पढ़ें : ग्वालियर झांसी मार्ग पर यात्री बस पलटने से दो लोगों की मौत, दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही थी बस
हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब उषा ठाकुर बिना मास्क के दिखी हों और कोरोना भगाने के लिए पूजा पाठ का सहारा भी उन्होंने पहली मर्तबा नहीं लिया है। शुरुआत से ही आए दिन उषा ठाकुर को सार्वजनिक जगहों पर बिना मास्क के देखा गया है। हाल ही में इंदौर एयरपोर्ट पर भी उषा ठाकुर कोरोना भगाने के लिए भजन कीर्तन करने लगीं।
यह भी पढ़ें : भोपाल: ऑक्सीजन की कमी से दस मरीजों की मौत, पीपल्स अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
दूसरी तरफ प्रदेश में मरीज़ ऑक्सीजन की किल्लत से मर रहे हैं। श्मशान और कब्रिस्तान शवों से भरे पड़े हैं। खुद पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र महू के हालात भी बद से बदतर होते जा रहे हैं।कम आबादी वाले इस क्षेत्र में कोरोना से संक्रमितों की संख्या हज़ार के पार है। इंदौर में कोरोना से सबसे ज़्यादा संक्रमित तहील महू ही है। यहां न तो मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त अस्पताल हैं और न ही पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं हैं। लेकिन इन तमाम समस्याओं के बावजूद उषा ठाकुर क्षेत्र में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने के बनिस्बत पूजा, यज्ञ और हवन में लगी हुई हैं।