सबके जीवन में एक दिन भूतपूर्व होना लिखा है, विवेक तन्खा की सीएम शिवराज को चेतावनी

दिग्विजय सिंह को मिलने का समय न देने पर विवेक तन्खा ने की सीएम शिवराज की आलोचना, सांसद रहते हुए सीएम के एक्सीडेंट और तत्कालीन सीएम दिग्विजय सिंह द्वारा की गई मदद की दिलाई याद

Updated: Jan 22, 2022, 10:11 AM IST

भोपाल। शुक्रवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मचे भारी बवाल के बाद कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने सीएम शिवराज पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को मिलने का समय न देने और सीएम के अहंकारी रवैए की आलोचना की है। कांग्रेस नेता ने सीएम की राजनीति तंज कसते हुए कहा है कि सबके जीवन में एक दिन भूतपूर्व होना लिखा है। 

इसके साथ ही विवेक तन्खा ने सीएम शिवराज को उस दौर की भी याद दिलाई है, जब सांसद रहते समय मौजूदा सीएम का एक्सीडेंट हो गया था और प्रदेश के तत्कालीन सीएम दिग्विजय सिंह ने उनकी मदद की थी। कांग्रेस नेता ने सीएम शिवराज से पूछा है कि क्या पद भाग्य से बड़ा होता है?

विवेक तन्खा ने कहा कि मुझे आज भी वो दिन याद है, जब सीएम शिवराज सिंह चौहान सांसद थे। बहुत बुरा एक्सीडेंट हुआ था। उन्होंने हवाई जहाज़ की व्यवस्था के लिए तत्कालीन सीएम दिग्विजय सिंह को अप्रोच किया था। कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी के सब दिन एक समान नहीं होते। वक्त बदलते देर नहीं लगती। सबकी जिंदगी में एक दिन भूतपूर्व होना लिखा है। तो यह सब क्यों? क्या पद भाग्य से बड़ा है? 

दरअसल गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अचानक कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और डूब प्रभावित किसानों से शुक्रवार को मिलने का तय कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया। सीएम के इस रवैए के विरोध में दिग्विजय सिंह ने धरना देने की चेतवानी दी। लेकिन शुक्रवार सुबह सुबह अचानक दिग्विजय सिंह के घर के बाहर बेरिकेडिंग लगा दी गई। 

यह भी पढ़ें ः दिग्विजय सिंह समेत 25 लोगों पर मुकदमा दर्ज, किसानों के मुद्दे पर दिया था धरना

इसके विरोध में दिग्विजय सिंह की अगुवाई में कांग्रेस के नेताओं और किसानों ने धरना दिया। खुद पीसीसी चीफ कमल नाथ भी मौके पर पहुंचे। राज्यसभा सांसद ने बताया कि वे पिछले डेढ़ महीने से सीएम से मिलने का वक्त मांग रहे थे। सीएम ने आखिरकार शुक्रवार को मिलने का समय दिया, लेकिन ऐन मौके पर उन्होंने मुलाकात के कार्यक्रम को रद्द कर दिया और खुद एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवास की ओर कूच कर गए। 

यह भी पढ़ें : यदि इस बार धोखा हुआ तो चार जिलों में मशीनें घुसने नहीं देंगे, दिग्विजय सिंह की CM को खुली चेतावनी

दिग्विजय सिंह के धरने को देखते हुए सीएम एक बार फिर बैकफुट पर आ गए। सीएम के पीएस मनीष रस्तोगी ने कांग्रेस नेता को बताया कि उनकी 23 जनवरी को सीएम से मुलाकात का कार्यक्रम फिक्स कर दिया गया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने इस बार अपॉइंटमेंट रद्द न करने की चेतावनी देते हुए अपना धरना समाप्त कर दिया।