मध्य प्रदेश के रायसेन की जेल में ख़ुदकुशी, विचाराधीन महिला कैदी ने लगाई फांसी

महिला पर दो लोगों को फंसाने के लिए पति के साथ मिलकर लूट की झूठी साज़िश रचने का आरोप था, महिला का पति अब तक फरार है

Updated: Feb 28, 2021, 02:12 PM IST

Photo Courtesy : Lokmat
Photo Courtesy : Lokmat

रायसेन/भोपाल। रायसेन स्थित महिला उप जेल में बंद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में बंद इस महिला ने रविवार सुबह जेल के बाथरूम में खुद को साड़ी के फंदे से लटका लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जेल के सुरक्षाकर्मी महिला के शव को अस्पताल ले गए, जहां उसका पोस्टमार्टम किया गया। खुदकुशी करने वाली महिला लूट का झूठा मामला रचने के आरोप में ट्रायल का सामना कर रही थी। इसी मामले में महिला का पति भी आरोपी है जो फिलहाल फरार है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सागर ज़िले के देवलापुर के रहने वाले रोहित अहिरवार और उसकी पत्नी पर लूट का झूठा मामला रचकर दो लोगों को गलत ढंग से फंसाने का आरोप लगा है। आरोप है कि पति-पत्नी ने सागर के चांदामऊ के रहने वाले गुल्टे बहरोलिया और अनिरुद्ध को एक लाख रुपए के लालच में आकर झूठे मामले में फंसाने की साज़िश रची थी। उन पर लगे आरोपों के मुताबिक दंपत्ति ने यह हरकत चांदामऊ के रहने वाले संजय बहरोलिया के कहने पर की थी।

फांसी लगाकर जान देने वाली महिला बेनीबाई का पति रोहित अहिरवार पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। जेल में ही  उसकी मुलाकात दुष्कर्म के मामले में कैद संजय बहरोलिया से हुई थी। बहरोलिया ने रोहित से कहा कि उसके गांव चांदामऊ के रहने वाले गुलटे बहरोलिया और अनिरुद्ध उस पर लगे आरोप के गवाह हैं। लिहाज़ा संजय बहरोलिया ने दोनों को फंसाने का षड्यंत्र रचा। इसके लिए उसने रोहित अहिरवार को एक लाख रुपए देने का लालच दिया था।

आरोप है कि इन्हीं पैसों के लालच में रोहित और उसकी पत्नी ने गुलटे बहरोलिया और अनिरुद्ध को लूटपाट और हत्या की कोशिश के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की थी। इस दौरान बेनीबाई दुर्घटनावश गोली लगने से घायल भी हो गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पति-पत्नी के अलावा उन्हें पैसों का लालच देकर यह साजिश रचने वाले संजय बहरोलिया को भी गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन रोहित अपनी पत्नी को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। बेनीबाई के ठीक होने के बाद पुलिस तीन दिन पहले ही उसे जेल में लेकर आई थी। लेकिन आज सुबह उसने फांसी लगा ली। फिलहाल विचाराधीन महिला कैदी  की संदिग्ध हालात में मौत के इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।