ग्वालियर में पेट्रोल लोन दे रही है यूथ कांग्रेस, तेल के बढ़ते दामों को लेकर अनूठा विरोध

लोगों को पेट्रोल लोन नॉनसेंस फाइनेंस अनलिमिटेड कंपनी दे रही है, लोगों को यह लोन कंपनी को वापस नहीं चुकाना होगा, कांग्रेस के इस अनूठे प्रदर्शन की अगुवाई ग्वालियर के यूथ कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष हेवरन सिंह कर रहे हैं

Updated: Jun 15, 2021, 04:29 AM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

ग्वालियर। प्रदेश और देश भर में लगातार बढ़ते पेट्रोल और डीजल के दामों के विरोध में देश भर में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। लेकिन मध्यप्रदेश के ग्वालियर में यूथ कांग्रेस ने विरोध का अनूठा तरीका अपनाया है। यहां कांग्रेस लोगों को अपने वाहन में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल लोन दे रही है। 

लोगों को पेट्रोल लोन नॉनसेंस फाइनेंस अनलिमिटेड कंपनी दे रही है। इस लोन की सबसे खास बात यह है कि लोन लेने के बाद लोगों को यह लोन चुकाना नहीं होगा। यूथ कांग्रेस के इस विरोध की शुरुआत सोमवार से हुई। ग्वालियर यूथ कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष हेवरन सिंह का कहना है कि लोगों को आगे भी ऐसे ही पेट्रोल लोन मिलता रहेगा। 

दरअसल सोमवार को चेतकपुरी पेट्रोल पंप के बाहर यूथ कांग्रेस ने स्टॉल लगाया। इस स्टॉल पर आने वाले लोगों को पेट्रोल लोन दिया गया है। लोगों को ज़रूरत के हिसाब से सौ, दो सौ और पांच सौ रुपए की पर्ची काट के दी गई। जिसके बाद लोगों ने पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल लोन मिलता देख पेट्रोल पंप के बाहर स्टॉल पत लोगों की भीड़ लग गई। लोन लेने के कि लोगों को मामूली कागज़ी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। अपना नाम पता बता कर लोगों को पेट्रोल लोन मिल गया।

यूथ कांग्रेस के इस अनूठे प्रदर्शन को लेकर हेवरन सिंह ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। लगातार दामों में वृद्धि के कारण लोगों की जेब पर बहुत असर पड़ा है। यही वजह है कि आज ऐसी स्थिति निर्मत हो गई है कि लोगों को अब पेट्रोल लेना पड़ेगा। कांग्रेस नेता ने बताया कि यूथ कांग्रेस आगे भी ऐसा करती रहेगी।