राजस्थान के कोटा में बन रहे फ्लाइओवर का हिस्सा गिरा, 11 घायल

निर्माणाधीन फ्लाईओवर के स्लैब की लोहे की शटरिंग अचानक गिर गई, एक इंजीनियर समेत 11 लोग घायल हो गए

Updated: Dec 10, 2020, 10:43 PM IST

Photo Courtesy: News18
Photo Courtesy: News18

कोटा। राजस्थान के कोटा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का स्पान गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बुधवार रात स्पान के नीचे दबने से 11 मजदूर घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादास कोटा-झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल के सामने हुआ।

मलबे में अन्य मजदूर दबे होने की आशंका के चलते एसडीआरएफ और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक चलाया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वहां 17 मजदूर काम कर रहे थे। निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के स्पान के स्लैब की लोहे की शटरिंग अचानक भरभराती हुई गिर गई। इस दौरान 11 लोग घायल हुए, जिसमें एक इंजीनियर भी शामिल है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी और कोटा दक्षिण नगर निगम के महापौर राजीव अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। घायलों में रमेश नाम के एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने स्थानीय अधिकारियों से पूरे हादसे के बारे में जानकारी ली। हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो सरकार को जल्द रिपोर्ट सौंपेंगी। फ्लाईओवर का निर्माण करने वाली कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश भी दे दिया गया है।