10 राज्यों में कोरोना के 85 फीसदी मामले, 24 राज्यों में पॉजिटिविटी रेट 15 फीसदी से ज्यादा: स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में 11 राज्य ऐसे हैं जहां 1 लाख से भी ज्यादा सक्रिय मामले हैं। 8 राज्यों में 50,000 से 1 लाख के बीच सक्रिय मामलों की संख्या बनी हुई है। देश में सक्रिय मामलों में कमी देखी जा रही है।

Updated: May 15, 2021, 01:26 PM IST

Photo courtesy: ABP
Photo courtesy: ABP

दिल्ली।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को नया आंकड़ा जारी  करते हुए कहा कि देश में कोरोना के कुल मामलों में से 85 फीसदी मामले 10 राज्यों से हैं। मंत्रालय ने कहा कि 11 राज्यों में संक्रमण के एक-एक लाख से अधिक कोरोना संक्रमित उपचाराधीन हैं। जबकि आठ राज्यों में 50 हजार से 1 लाख के बीच उपचाराधीन मरीज हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 राज्यों में कोरोना संक्रमण दर 15 फीसदी से अधिक है।


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में महामारी के 3,26,098 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,43,72,907 हो गई है। इसके साथ ही देश में महामारी से 3,890 और लोगों की मौत हुई है, जिससे मृतकों की कुल संख्या 2,66,207 हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर अब 36,73,802 रह गई है, जो कुल मामलों का 15.07 फीसदी है। लोगों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 83.83 फीसदी हो गई है।


स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि देश में सक्रिय मामलों में कमी आई है। 3 मई को रिकवरी रेट 81.3 फीसदी थी जिसके बाद रिकवरी में सुधार हुआ है। अब रिकवरी रेट 83.83 फीसदी है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात जहां कोरोना संक्रमण के मामले काफी ज्यादा है, यहां पिछले 1 सप्ताह में सक्रिय मामलों में कमी आई है। तमिलनाडु में पिछले 1 सप्ताह में सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि देश में 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां 15 फीसदी से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 5-15 फीसदी पॉजिटिविटी रेट 10 में है। 5 फीसदी से कम पॉजिटिविटी रेट 3 में है। पिछले 1 सप्ताह में 18 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट कम हुई है। देशभर में पॉजिटिविटी रेट जो 21.9 फीसदी थी, वो अब घटकर 19.8 फीसदी रह गई है।