Rajasthan: जन्मदाता बना मृत्युदाता, 4 मासूम बच्चों की हत्या के बाद पिता ने लगाई फांसी

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, चार मासूम बच्चों और पिता का मिला शव, बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

Updated: Feb 10, 2021, 02:03 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

बांसबाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। कुशलगढ़ के डूंगलापानी गांव में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। चालीस वर्षीय बाबूलाल का शव घर के सामने पेड़ से लटका मिला। जब लोगों ने बाबूलाल के घर में जाकर देखा तो वहां उसके चारों लड़कों के शव मिले। चारों बेटों की उम्र 2 से 8 साल के बीच थी।

 ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और FSL ने घटना स्थल की निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि चारों बच्चों की हत्या की गई है। संभवत: तार से गला घोंटने की बात सामने आ रही है। पुलिस का मानना है कि पिता ने बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी कर ली होगी। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।  

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया है कि बाबूलाल शराबी था उसकी पत्नी से उसका अक्सर झगड़ा होता था, उसने अपनी पत्नी को भी घर से निकाल दिया था। फिलहाल मृतक के पत्नी गुजरात में मजदूरी करती है। पुलिस ने मृतक की पत्नी से फोन पर संपर्क कर गांव बुलाया है। बाबू लाल के परिवार में अब उसकी पत्नी के अलावा कोई नहीं बचा है। उसके पिता औऱ अन्य सगे संबंधी भी जीवित नहीं हैं।