गोंडा में सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, ढहे 2 मकान, 8 की मौत

गोंडा में एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद दो मकान जमीदोंज हो गए। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Updated: Jun 02, 2021, 04:24 AM IST

Photo courtesy: ABP
Photo courtesy: ABP

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में बड़ा हादसा हुआ है। बीती रात गोंडा के टिकरी गांव में अचानक एक सिलेंडर ब्लास्ट होने से दो मकान गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई। मलबे में दबे दर्जन भर लोगों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। 

 

यह घटना जिले के वजीरगंज थाना के टिकरी गांव में हुआ जहां बीती रात सिलेंडर धमाके से दो मकान जमींदोज हो गए। बताया जा रहा है मकान के मलबे में कुल 15 लोग दब गए थे जिनमें से 8 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से निकाले गए 7 लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार रात को खाना बनाते समय टिकरी गांव के रहने वाले नूरुल हसन के घर में यह विस्फोट हुआ। सिलेंडर विस्फोट होने पर आपस में सटे दो मकान ढह गए। हादसे में दो महिलाएं, दो पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं।


जिले के एसपी और उप जिलाधिकारी के निर्देशन में राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल विस्फोट के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में गैस सिलेंडर फटने से हुए हादसे पर दुख जताया है। साथ ही उच्चाधिकारियों को घटनास्थल पर पहुँचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित उपचार की व्यवस्था और घटना की जांच के उच्च स्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं।