रत्‍नागिरी की केमिकल फैक्‍ट्री में धमाके के बाद लगी आग, 4 की मौत

महाराष्ट्र के रत्नागिरी के औद्योगिक क्षेत्र में एक केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, हादसे के वक्त फैक्ट्री में 40 से 50 लोग मौजूद थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया है

Updated: Mar 20, 2021, 08:45 AM IST

photo courtesy: amarujala
photo courtesy: amarujala

मुंबई। महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। एक केमिकल फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही जल कर मौत हो गई है। एक शख्स गंभीर रूप से घायल है। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 40 से 50 लोग फंसे हुए थे। सभी को बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को रत्नागिरी के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस केमिकल फैक्ट्री में यह हादसा हुआ वह रत्नागिरी ज़िले की खेड़ तहसील में है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग लगने की वज़ह बॉयलर में हुए धमाके को माना जा रहा है। बॉयलर का धमाका इतनी तेज था कि आसपास के करीब 5 किलोमीटर इलाके में उसकी आवाज सुनाई दी। चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया। बॉयलर के पास काम करने वाले कर्मचारी इस हादसे में सबसे बुरी तरह झुलसे हैं। आग पर काबू पाने की कोशिशें अब भी जारी हैं। फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश में लगी हुई हैं।

महाराष्ट्र में 10 मार्च को भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। उस दिन ठाणे के अंबरनाथ में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) के औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई थी। वह आग भी बॉयलर से ही शुरू हुई थी, जिसने कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया था। हालांकि उस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी।