क्या चीन ने अरुणाचल में बसाया गांव, सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर दावा

एक हिंदी न्यूज़ चैनल ने सैटेलाइट तस्वीरों और विशेषज्ञों के हवाले से किया है दावा, 1 नवंबर 2020 को ली गई हैं तस्वीरें

Updated: Jan 18, 2021, 12:06 PM IST

Photo Courtesy : NDTV
Photo Courtesy : NDTV

नई दिल्ली। हिंदी के एक प्रमुख न्यूज़ चैनल ने यह दावा किया है कि पड़ोसी मुल्क चीन ने अरुणाचल प्रदेश में पूरा एक नया गांव बसा लिया है। चैनल ने सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से यह दावा किया है कि चीन ने अरुणाचल के अपर सुबनसिरी ज़िले के त्सारी चू नदी के किनारे यह गांव बसाया है। न्यूज़ चैनल के दावे के अनुसार इस नए गांव में कुल 101 घर हैं। 

न्यूज़ चैनल ने अपनी एक रिपोर्ट में बाकायदा सैटेलाइट तस्वीरों को जारी करके दावा किया है कि चीन द्वारा बनाया गया यह गांव भारतीय सीमा के 4.5 किलोमीटर अंदर बसाया गया है। न्यूज़ चैनल के मुताबिक उसने विशेषज्ञों को ये तस्वीरें दिखाईं तो उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की है कि यह गांव भारतीय सीमा के भीतर बसा हुआ है। न्यूज़ चैनल का दावा है कि ये तस्वीरें 1 नवंबर 2020 को सैटेलाइट से ली गई हैं। जिस जगह यह गांव बसाया गया है, उस जगह को लेकर भारत और चीन के बीच काफी लंबे समय से विवाद जारी है। 

2019 में नहीं था उस जगह गांव 
न्यूज़ चैनल ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि पिछले साल उस जगह पर कोई निर्माण नहीं हुआ था। न्यूज़ चैनल के मुताबिक 26 अगस्त 2019 की सैटेलाइट तस्वीरों में उस जगह पर किसी तरह का निर्माण नहीं नज़र आ रहा है जबकि उसी जगह पर एक नवंबर, 2020 में नए घर नज़र आ रहे हैं। लिहाज़ा इसका मतलब है कि यह पूरा गांव पिछले साल बसाया गया है। 

                                                                                                                   Photo Courtesy: NDTV

चैनल ने कहा है कि उसने इन तस्वीरों को विदेश मंत्रालय के पास भी भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन विदेश मंत्रालय ने सिर्फ इतना कहा कि भारत और चीन दोनों ही देश अपनी अपनी सीमा में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए निर्माण कार्य कर रहे हैं। 

न्यूज़ चैनल के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश से बीजेपी सांसद तापर गाओ से जब उसने बात की तो सांसद ने बताया कि चीन ऊपरी सुबंसिरी ज़िले यानी भारतीय सीमा के 60-70 किलोमीटर भीतर तक घुस गया है। बीजेपी नेता ने कहा कि चीन सुबंसिरी नदी की तरफ बहने वाली लेंसि नदी के आसपास रोड बना रहा है।

इससे पहले भी पिछले साल नवंबर महीने में बीजेपी नेता ने राज्य में चीनी घुसपैठ के बारे में आगाह किया था। न्यूज़ चैनल का दावा है कि सैटेलाइट से ली गई तस्वीरें भी उसी समय की हैं।