Digvijaya Singh: तो आखिरी होगा 2024 का आम चुनाव
EVM: राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एकबार फिर ईवीएम का मुद्दा उठाया है, EVM कर रही भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर से ईवीएम का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस नेता ने सोमवार (31 अगस्त) को ट्वीट कर भारतीय राजनीति पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने एक वीडियो साझा कर कहा है कि ईवीएम भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद कर रहा है और अगर इसे नहीं हटाया गया तो 2024 लोकसभा चुनाव भारत का आखिरी आमचुनाव साबित होगा।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीटर पर कैरल कैडवॉलर की एक वीडियो रिट्वीट की है। इस वीडियो में कैरल बता रहीं हैं कि कैसे फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कैम्ब्रिज एनालिटिका आम चुनावों को प्रभावित करती है। इस वीडियो क्लिप के माध्यम से उन्होंने टेक्नोलॉजी के माध्यम से चुनावों में किए जा रहे हेरफेर को समझाने का प्रयास किया है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन दिया, 'फेसबुक एक घातक वैश्विक शक्ति है जो विश्वभर में उदार लोकतंत्र को नष्ट कर रही है।'
You are absolutely right Madam, EVM is destroying Indian Democracy through mass rigging of Parliament Elections in India through Technology. 2024 Parliament Elections may be the last Election in India if we Indians don’t wake up to go back to Ballot Paper. https://t.co/Dg31k88gdI
— digvijaya singh (@digvijaya_28) August 31, 2020
कैरल कैडवॉलर के इस वीडियो को रिट्वीट कर दिग्विजय सिंह ने लिखा, 'आप बिल्कुल सही कह रही हैं मैडम। ईवीएम और टेक्नोलॉजी के माध्यम से भारत में संसदीय चुनावों के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली करके भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद किया जा रहा है। अगर हम मतपत्र की ओर वापस नहीं लौटते हैं तो 2024 लोकसभा चुनाव भारत का आखिरी चुनाव साबित हो सकता है।'
गौरतलब है कि 2014 लोकसभा चुनावों के बाद से ही देशभर में ईवीएम को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा ईवीएम को छोड़कर बैलेट पेपर पर वापस लौटने की मांग लगातार की जाती रही है। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान विविपैट होने के बावजूद एक बार फिर से ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे थे। दिग्विजय सिंह भी लगातार ईवीएम के विरोध में मुखर रहे हैं। मध्यप्रदेश आम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस नेता ने ईवीएम के मुद्दे पर बोलकर मामले को तूल दे दिया है।