नेहरू की जिस विदेश नीति का जनसंघ ने किया था विरोध, उसे ही मोदी ने अपनाया: दिग्विजय सिंह

केंद्र सरकार की नीतियों पर कांग्रेस वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि चाहे जीएसटी हो चाहे मनरेगा, मोदी जी इन नीतियों का विरोध करते रहे लेकिन अब उनका श्रेय ले रहे हैं

Updated: Apr 07, 2022, 07:10 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला है। सिंह ने कहा है कि नेहरू की जिस गुटनिरपेक्ष विदेश नीति का जनसंघ ने विरोध किया, मोदी सरकार ने उसे ही अपनाया है। राज्यसभा सांसद ने कहा की कांग्रेस मॉडल ही देश को प्रगति के पथ पर ले जा सकता है।

दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट थ्रेड में लिखा कि, 'धन्यवाद मोदी जी व जयशंकर जी जो आपने पं जवाहरलाल नेहरू जी की निर्गुट (Non Aligned) विदेश नीति को अपनाया जिसका सदैव भारतीय जनसंघ ने विरोध किया था। भाजपा चाहे ना चाहे अंत में उसे, देश हित में सारी कॉंग्रेस नीतियों को अपनाना पड़ेगा जिनका वे विरोध करते रहे हैं।'

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा कि, 'चाहे GST हो चाहे MNAREGA मोदी जी इन नीतियों का विरोध करते रहे लेकिन अब उनका श्रेय ले रहे हैं। मोदी जी कॉंग्रेस मॉडल यानि कि गांधी नेहरू विचारधारा ही देश को प्रगति के पथ पर ले जा सकता है। प्रेम सद्भाव ही सनातन हिंदू धर्म है ना कि "हिंदुत्व”।'

यह भी पढ़ें: ग्रेजुएशन में गीता पढ़ेंगे मध्य प्रदेश के छात्र, सीएम शिवराज ने की घोषणा

बता दें कि वर्तमान में चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध में भी भारत ने निर्गुट नीति को अपनाया है, जिसे पंडित नेहरू ने आजादी के बाद अपनाया था। नतीजतन, प्रतिबंधों के बावजूद भारतीय कंपनियां रूस से क्रूड ऑयल का डील कर रही हैं। हाल ही में इमरान खान ने इस भारतीय नीति की तारीफ करते हुए कहा था कि भारत की विदेश नीति भारतीय आवाम के लिए है।