भारत जोड़ो यात्रा की दिल्ली में हुई एंट्री, सड़कों पर उतरा जनसैलाब, लाल किले पर जनसभा करेंगे राहुल गांधी

बदरपुर बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा का दिल्ली में प्रवेश, 23 किलोमीटर चलकर शाम को लाल किला पहुंचेंगे राहुल गांधी, यहां जनसभा को भी करेंगे संबोधित

Updated: Dec 24, 2022, 07:58 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर चुकी है। बदरपुर बॉर्डर पर ध्वज हस्तांतरण समारोह के बाद दिल्ली में राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली की सड़कों पर आज जनसैलाब उमड़ पड़ा है। दिल्ली पुलिस ने यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है।

भारत जोड़ो यात्रा का आज 108 वां दिन है। भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से अब तक 9 राज्यों के लगभग 46 ज़िलों से गुज़र चुकी है। कन्याकुमारी से तकरीबन 3 हजार किलोमीटर का सफर तय कर यात्रा आज दिल्ली पहुंची है। दिल्ली में यात्रा का लगभग 23 किलोमीटर लंबा रूट है। यात्रा बदरपुर बार्डर से अपोलो फिर आश्रम और उसके बाद इंडिया गेट होते हुए लाल किले तक जाएगी। 

लाल किले पर राहुल गांधी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को कहा है कि आश्रम चौक से लालकिले को जाने वाले रास्तों से बचें। साथ ही ISBT, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले लोगों से कहा गया है कि वे पर्याप्त समय लेकर ही इन रास्तों पर यात्रा की योजना बनाएं। यात्रा सुबह करीब 10.30 बजे आश्रम चौक के पास जय देव आश्रम पहुंचेगी और शाम करीब 4.30 बजे लाल किले पर समाप्त होगी।

यह भी पढ़ें: बीजेपी की तरह काम कर रही है टीआरएस सरकार, हैदराबाद में केसीआर पर बरसे दिग्विजय सिंह

आज दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा के बाद 3 जनवरी तक यात्रा बंद रहेगी। इससे पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा था कि उत्तर में कड़ाके की सर्दी के लिए कंटेनरों की मरम्मत और उन्हें तैयार करने के लिए यात्रा में नौ दिनों का ब्रेक होगा। साथ ही, इस यात्रा में भाग लेने वाले कई लोग लगभग चार महीने बाद अपने परिवार के साथ समय बिता पाएंगे। यात्रा 3 जनवरी, 2023 को फिर से शुरू होगी।

कन्याकुमारी से शुरू यह यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा पार कर चुकी है। दिल्ली 10 वां राज्य है। यात्रा में अब तक देश की नामचीन हस्तियां शामिल हुईं हैं। इनमें भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन, कॉमेडियम कुणाल कामरा, बॉलिवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर, रिया सेन और पूजा भट्ट, इंटरनेशनल बॉक्सर ओलंपिक विजेता विजेंदर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लेने वाली महिला लीलाबाई चितले के अलावा विपक्षी दलों के कई नेता शामिल हैं।

भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की आवाज को लेकर हम ‘राजा’ के सिंहासन तक पहुंच गए हैं। कांग्रेस नेता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस आवाज को बुलंद करने के लिए राजधानी में यात्रा से जुड़ें। राहुल ने ट्वीट किया, "महंगाई हटाओ, बेरोज़गारी मिटाओ, नफ़रत मत फैलाओ- हिंदुस्तान की ये आवाज़ ‘राजा’ के सिंहासन तक ले कर, दिल्ली आ गए हम। आइये, इसे और बुलंद करने के लिए, हमसे राजधानी में जुड़िए।'