हिम्मत कैसे हो गई यहां तक आने की, राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस पर भड़के अशोक गहलोत

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि जिस वक्तव्य का संज्ञान लिया गया है वह राहुल गांधी के 30 जनवरी के श्रीनगर में दिए गए बयान को लेकर है। दिल्ली पुलिस 45 दिनों बाद जगी है।

Updated: Mar 19, 2023, 04:05 PM IST

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा श्रीनगर में दिए गए एक बयान के मामले में दिल्ली पुलिस उनके आवास पर पहुंची। राहुल गांधी के घर दिल्ली पुलिस के पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी ने सत्तारूण बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इस मुद्दे पर दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेता अशोक गहलोत और अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रेस से बात की।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस से बात करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। गहलोत ने कहा “बिना गृह मंत्रालय और बिना ऊपर के निर्देश के यह संभव नहीं कि यह(पुलिस) यहां तक पहुंचे। जब राहुल गांधी ने कह दिया कि उन्हें नोटिस मिला है वे उसका जवाब देंगे इसके बावजूद पुलिस यहां पहुंची। इनकी हिम्मत कैसे हो गई कि यह यहां तक पहुंच गए। पूरा देश इनकी हरकतों को देख रहा है देश इन्हें माफ नहीं करेगा। आज की हरकत बेहद गंभीर है। जांच करने से कोई इंकार नहीं कर रहा है।"

गहलोत ने आगे कहा, "मैं इतना कह सकता हूं कि इंदिरा जी के बाद जनता पार्टी की जो सरकार आई थी वह भी इसी तरह की हरकतों पर उतर गई थी, उन्हें भी जनता ने करारा जवाब दिया था और साल 1980 में इंदिरा गांधी भारी महुमत से चुनाव जीती थीं। हिटलर भी बहुत लोकप्रिय हुआ था बाद में ही जर्मनी का बुरा हाल हुआ था, आज जो ED,CBI का तांडव मचा रखा है न्यायतंत्र दबाव में है तो क्या लोकतंत्र खतरे में नहीं है?"

वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “16 तारीख को सुबह राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने एक नोटिस दिया था। नोटिस में करीब दो पन्नों जितने लंबे प्रश्न पूछे गए थे। भारत जोड़ो यात्रा में जो लाखों लोग राहुल गांधी से मिले उनके संबंध में प्रश्न में मुद्दे उठाए गए थे। नोटिस में कुछ पीड़ितों के बारे में, उनके नाम, वह कहां रहते हैं, उनके साथ क्या वारदात हुई, के बारे में पूछे गए थे। आज फिर यानी 19 तारीख को सुबह वही प्रश्न वापस पूछने के लिए दिल्ली पुलीस की टीम नया नोटिस लेकर आई। बाकी चीजें हम दिल्ली पुलिस को लिखित रूप से देंगे। हमने उनसे आज कहा कि यह एक बहुत ही विचित्र पहलू है, नया आयाम बनाया गया है। उत्पीड़न का, प्रतिशोध की राजनीति का, धमकाने और धमकी की राजनीति का।"

सिंघवी ने कहा, "करीब चार हजार किलोमीटर की यात्रा, 12 प्रदेशों, दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर यह यात्रा गुजरी। इस दौरान राहुल गांधी लाखों लोगों से मिले। यह यात्रा 140 दिन तक चली। उसके विषय में तीन दिन में दो बार आना और प्रश्न पूछना कि वह कौन सी महिलाएं थीं, कब और उनके साथ क्या हुआ। हम सभी को लगा, हमने पुलिस टीम से भी कहा कि जरा बताएंगे कि कितने ऐसे राजनीतिक अभियानों को लेकर ऐसे प्रश्न अपने पूछें हैं। सत्तारूण पार्टी या फिर किसी अन्य पार्टी से। यह अगर राजनीति प्रतिशोध नहीं है तो और क्या?"

मामले पर कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि, "भारत जोड़ो यात्रा को समाप्त हुए 45 दिन हो चुके हैं। वे (दिल्ली पुलिस) 45 दिनों के बाद पूछताछ के लिए जा रहे हैं। अगर उन्हें इतनी ही चिंता है तो फरवरी में उनके पास क्यों नहीं गए? राहुल गांधी की कानूनी टीम कानून के अनुसार इसका जवाब देगी।" 

दरअसल 16 मार्च को दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को नोटिस दिया था, लेकिन राहुल ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस आज उनके घर पहुंची। इस बीच राहुल गांधी के घर के बाहर खड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि राहुल गांधी ने उनसे कहा कि यात्रा लंबी थी, मुझे कुछ याद नहीं। पुलिस इस मामले में राहुल गांधी का बयान दर्ज करेगी। हालांकि, अभी इसके लिए कोई समय तय नहीं किया गया है।