दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ रैली आज, सोनिया-राहुल भी होंगे शामिल

रविवार सुबह 11 बजे विपक्षी गुट की 27 पार्टियां रैली में शामिल होंगी। इस रैली के जरिए विपक्षी दलों द्वारा एकजुटता और एकता का संदेश देने की कोशिश होगी।

Updated: Mar 31, 2024, 09:36 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की आज 'लोकतंत्र बचाओ रैली’ है। इस महारैली में विपक्षी गठबंधन की 27 पार्टियां शामिल होंगी। इस रैली के जरिए विपक्षी दलों द्वारा एकजुटता और एकता का संदेश देने की कोशिश होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी इस रैली को संबोधित करेंगे। वहीं, सोनिया गांधी भी रैली में शामिल हो सकती हैं।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने रैली के संबंध में कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की रैली नहीं है इसीलिए इसे लोकतंत्र बचाओ रैली नाम दिया गया है। यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है, इसमें करीब 27-28 पार्टियां शामिल हैं। INDIA गुट के सभी दल इसमें हिस्सा लेंगे। रमेश ने कहा कि INDIA ब्लॉक ने 17 मार्च को मुंबई में रैली की थी और यह ऐसी दूसरी बड़ी रैली है। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए एकजुटता और एकता का संदेश दिया जाएगा।

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि रैली में विपक्षी नेता बढ़ती कीमतें, 45 साल में सबसे ऊंची बेरोजगारी दर, आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण और किसानों के खिलाफ अन्याय के मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने कहा कि एक और प्रमुख मुद्दा जो उठाया जाएगा, वह केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के माध्यम से विपक्ष को निशाना बनाना है। रमेश ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए दो मुख्यमंत्रियों और कई मंत्रियों को गिरफ्तार किया गया है।

विपक्षी दलों की महारैली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रामलीला मैदान के हर द्वार पर जांच की व्यवस्था के साथ आसपास के इलाके में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। रैली में एनसीपी के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेता शामिल होंगे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी रैली में शामिल होंगी।